मुंबई:दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा है। ऐसे में उनकी आखिरी फिल्म शर्माजी नमकीन भी अधूरी रह गई, लेकिन अब ऋषि के फैन्स के लिए खुशखबरी है। प्रोड्यूसर्स ने इस फिल्म को पूरा करने का फैसला लिया है। ऋषि कपूर के बिना फिल्म कंप्लीट करने के लिए वीएफएक्स तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इस फिल्म में जूही चावला भी लीड रोल में हैं।
एक इंटरव्यू के दौरान फिल्म के को प्रोड्यूसर हनी त्रेहान ने कहा कि हाई टेक्नोलॉजी और वीएफएक्स के जरिए हम फिल्म को कंप्लीट करने जा रहे हैं। इसके लिए कई स्टूडियोज से हमारी बात चल रही है। उम्मीद है हम जल्द इसे फाइनल कर लेंगे। हनी त्रेहान ने आगे कहा कि मैं इस फिल्म के प्रोड्यूसर्स फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी का शुक्रगुजार हूं जो इस फिल्म के लिए ना सिर्फ इंवेस्ट कर रहे हैं बल्कि भावनात्मक रूप से भी इससे जुड़े हैं। फिल्म का निर्देशन हितेश भाटिया कर रहे हैं।
गौरतलब है कि फिल्म शर्माजी नमकीन की शूटिंग शुरू हो गई थी, लेकिन इस बीच ऋषि कपूर कैंसर का इलाज कराने के लिए न्यूयॉर्क चले गए थे। वहां पर उन्होंने कई महीनों तक अपना इलाज करवाया। पिछले महीने 30 अप्रैल को उनका निधन हो गया। इसकी वजह से यह फिल्म अधूरी रह गई है।

