नई दिल्ली:पूरी दुनिया की तरह पाकिस्तान भी कोरोना वायरस से जूझ रहा है। वहां भी लॉकडाउन चल रहा है, लेकिन इस दौरान उसने आतंकवाद की फैक्ट्री में कामकाज और तेज कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने हिन्दुस्तान टाइम्स को बताया कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में संचालित 14 लॉन्चिंग पैड्स पर उसने आतंकवादियों की संख्या दोगुनी कर दी है। ये दहशतगर्द भारत में घुसपैठ की कोशिश में हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘हमारे पास सूचना है कि पाकिस्तान समर्थित अलग-अलग आतंकवादी समूहों के करीब 450 आतंकवादी इन लॉन्चिंग पैड्स पर मौजूद हैं।’ पाकिस्तान में रविवार तक 12,700 से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज है, जबकि 268 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन पड़ोसी मुल्क का ध्यान अपने लोगों को महामारी से बचाने की बजाय भारत में आतंकवाद बढ़ाने पर है।
2-3 सप्ताह में बढ़ाए आतंकवादी
दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा का प्लान तैयार करने वाले अधिकारियों को इंटेलिजेंस से जो इनपुट मिले हैं, उनसे पता चलता है कि पाकिस्तान ने लॉन्चिंग पैड्स पर आतंकवादियों की संख्या दोगुनी कर दी है। 9 अप्रैल को हिन्दुस्तान टाइम्स ने इंटेलिजेंस एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर बताया था कि इन लॉन्चिंग पैड्स पर करीब 230 आतंकवादी हैं। अधिकारी ने कहा कि पिछले 2-3 सप्ताह में स्थिति बहुत बदल गई है।
सबसे अधिक लश्कर और जैश के आतंकवादी
राष्ट्रीय सुरक्षा का खाका तैयार करने वाले अधिकारियों के पास मौजूद जानकारी के मुताबिक, 450 आतंकवादियों में से 244 लश्कर-ए-तैयबा के हैं, 129 जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी हैं, 60 हिजबुल मुजाहिद्दीन और बाकी अल बदर जैसे छोटे तंजीमों के हैं। इन आतंकवादियों में से अधिकतर को हाल ही में पाकिस्तान मे चल रहे कैंप्स से लाया गया है।

