मुंबई:महाराष्ट्र सरकार ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से घोटाले के आरोपी डीएचएफएल समूह के प्रमोटरों कपिल वाधवन और धीरज वाधवन को हिरासत में लेने का बुधवार को आदेश दिया। राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने फेसबुक में कहा कि वाधवन का संस्थागत क्वारंटाइन आज 22 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा। मंगलवार को, हमने केंद्रीय जांच ब्यूरो और ईडी को उन्हें हिरासत में लेने के लिए लिखा है।
उन्होंने हालांकि कहा कि जब तक उन्हें सीबीआई या ईडी के हवाले नहीं किया जाता है, तब तक वे राज्य सरकार की हिरासत में सुरक्षित रहेंगे। देशमुख ने कहा, वे हमारी हिरासत में सुरक्षित रहेंगे। किसी को भी लंदन भागने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जब सीबीआई हमसे संपर्क करेगी तो हम उन्हें आगे की जांच के लिए सौंप देंगे।
गौरतलब है कि वाधवन और उनके परिवार के लोगों को लॉकडाउन के दौरान आठ अप्रैल को पुणे के खंडाला पर्वतीय स्थल से सतारा जिले में महाबलेश्वर पर्वतीय स्थल जाने की अनुमति देने के बाद राजनीतिक गहमा गहमी शुरू हो गयी था। उन्हें महाबलेश्वर में नौ अप्रैल को हिरासत में लिया गया था।

