मुंबई:केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सोमवार (6 अप्रैल) को दावा किया कि उनका दिया हुआ नारा ‘गो कोरोना गो’ पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हो चुका है। मंत्री ने कहा कि पहले सवाल उठाए गए थे कि क्या इस तरह का नारा मददगार होगा, लेकिन इसके व्यापक इस्तेमाल से नारे का असर साबित हुआ है। उन्होंने कहा, ”मैंने फरवरी में नारा दिया था, जब भारत में कोविड-19 को लेकर हालात इतने बुरे नहीं थे। उस वक्त लोग कह रहे थे कि क्या इससे कोरोना चले जाएगा? अब हम इस नारे को पूरी दुनिया में देख रहे हैं।”
रविवार (5 अप्रैल) रात नौ बजे जब पूरे देश में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर घरों की बत्ती बुझाकर दीपक, मोमबत्ती और मोबाइल टॉर्च जला रहे थे तब आठवले को उनके बांद्रा स्थित आवास पर परिजनों के साथ यह नारा लगाते हुए देखा गया।
फरवरी में आठवले, मुंबई में चीन के महावाणिज्य दूत तांग गुओकाई और बौद्ध भिक्षुओं के एक प्रार्थना सभा में ‘गो कोरोना, गो कोरोना’ के नारे लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया था। गत 20 फरवरी को गेटवे ऑफ इंडिया पर एक प्रार्थना सभा में वीडियो बनाया गया था। तब चीन में कोरोना वायरस का प्रकोप रोकने की प्रार्थना के साथ यह नारा लगाया गया।
महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 45 की मौत
वहीं, घातक कोरोन वायरस के लिए महिलाओं की तुलना में पुरुष अधिक संवेदनशील होते हैं। यह बात महाराष्ट्र सरकार द्वारा सोमवार (6 अप्रैल) को जारी आंकड़ों से पता चलती है। इस पश्चिमी राज्य में अब तक सामने आए कुल 781 कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों में से 63 प्रतिशत पुरुष हैं। चिकित्सा शिक्षा और ड्रग्स विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में अब तक 45 व्यक्ति इस घातक रोग के कारण जिंदगी की जंग हार चुके हैं। यहां मृत्यु दर 6.01 प्रतिशत है।
3 अप्रैल को यहां 3 लोगों की मौत हुई थी, वहीं 6 अप्रैल को यहां मरने वालों की संख्या 13 थी। मुंबई 469 मामलों के साथ इस महामारी से सबसे अधिक प्रभावित है। इसके बाद पुणे, ठाणे और सांगली में क्रमश: 119, 82 और 25 मरीज सामने आए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने अब तक 16,000 नमूने एकत्र किए हैं, जिनमें से 96 प्रतिशत का परीक्षण निगेटिव आया है।

