नई दिल्ली:कोरोना वायरस से सावधानी को देखते हुए रविवार (22 मार्च) को जनता कर्फ्यू के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो की सेवा बंद रहेगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शुक्रवार (20 मार्च) को इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में गुरुवार (20 मार्च) लोगों से घरों में ही रहने का अनुरोध करते हुए रविवार (22 मार्च) के लिए ”जनता कर्फ्यू” का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने अपने कोरोना वायरस महामारी संकट पर अपने संदेश में कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छोड़ कर किसी को भी घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह सोचना सही नहीं है कि सब ठीक है और इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए लोगों से केंद्र सरकार तथा राज्य सरकारों द्वारा जारी परामर्शों का पालन करने का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्ध में भी इतनी संख्या में देश प्रभावित नहीं हुए थे जितनी कि कोरोना वायरस से हुए हैं।

