मुंबई:मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के सुझावों को आम जनता अमल में लाने लगी है। भीड़भाड़ क्षेत्रों में पहले की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। कई क्षेत्रों में दुकानें बंद कर दी गईं और जहां पर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद नहीं रखीं, वहां पुलिस ने दुकानें बंद करा दीं। मुंबई के पर्यटन स्थलों से पर्यटक लगभग नदारद रहे। गुरुवार को लगभग आधी मुंबई बंद हो गई।
गौरतलब है कि बुधवार की देर रात मुख्यमंत्री ठाकरे ने आम मुंबईकरों से अपील की थी कि जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलें। दुकानदार अपनी दुकानें बंद रखें या फिर दुकान खोलने के समय में ऐसा बदलाव करें, जिससे भीड़ नहीं हो। गुरुवार को सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के लोगों को टेलिविजन पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर की कि भीड़ कम हुई है, लेकिन और कम करने की आवश्यकता है। मंत्रालय सहित ज्यादातर सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा छाया रहा। निजी कार्यालयों में भी उपस्थिति बेहद कम रही।

