मुंबई: महाराष्ट्र में बढ़ रहे कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ऑफिसों में सरकारी कर्मचारियों की मौजूदगी 50 प्रतिशत किए जाने का ऐलान किया है। इसी के साथ बीएमसी ने देर रात सर्कुलर जारी करके दुकानों को एक दिन खुला और एक दिन बंद रखने का आदेश दिया है। अब वॉर्ड ऑफिसर तय करेंगे कि किस रोड पर दुकानें किस दिन खुलेंगी, इससे आधी मुंबई बंद हो जाएगी। महाराष्ट्र में कोरोना के अब तक 45 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें सबसे ज्यादा पुणे में 18 और मुंबई में 8 मामले सामने आए हैं।
ऑड-ईवन फॉर्मूला का होगा इस्तेमाल
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की ओर से बेस्ट, एसटी और प्राइवेट बसों को 50 प्रतिशत क्षमता तक ही यात्रियों को टिकट देने का का सुझाव दिया गया है। फिलहाल, इसे ऑड-ईवन फॉर्मूले की तर्ज पर लागू करने की अपील की गई है। ऐसा न होने पर इसे लेकर कड़े कदम उठाते जा सकते हैं। सरकारी कार्यालयों में 50 प्रतिशत कर्मचारियों की छुट्टी करने का निर्देश दिया है। वहां भी ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू करने के लिए कहा है। जो कर्मचारी एक दिन आएगा, वह दूसरे दिन नहीं आएगा।
दुकानदारों को खुद समय तय करने के लिए कहा
सीएम ठाकरे ने बताया कि सरकार ने दुकानदारों से अपील की है कि वे दुकानें के खोलने और बंद करने का समय खुद ही तय करें, ताकि भीड़ से बचा जा सके। इसके लिए यह उदाहरण दिया गया है कि अगर कोई दुकानदार सुबह के वक्त दुकान खोलता है, तो शाम के वक्त बंद रखे। इस बारे में फैसला उसे खुद करना है। दुकानदार एक दिन दुकान खोलकर दूसरे दिन बंद भी रख सकता है। मेडिकल स्टोर, दूध, खाद्य पदार्थ, सब्जी, किराना की दुकानों पर यह नियम लागू नहीं होगा।
खुले में थूकने वालों से वसूला एक लाख रुपए जुर्माना
कोरोनावायरस के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए बीएमसी ने मुंबई और पीएमसी ने पुणे में सार्वजानिक स्थानों पर थूकने वालों से 1,000 रुपये जुर्माना वसूलना शुरू किया है। इसके लिए मार्शलों को खासतौर पर सतर्क रहने का आदेश दिया गया है। बीएमसी कमिश्नर प्रवीण परदेशी ने कहा- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर थूकने से बीमारी फैलने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सिर्फ मुंबई में एक दिन में यानि बुधवार शाम तक एक लाख 11 रुपए से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया है।
प्राइवेट लैब में भी हो सकेगा टेस्ट
पुणे में समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने बताया, ‘राज्य में प्राइवेट लैब्स को कोरोना टेस्ट की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए प्राइवेट लैब वालों को अनुमति लेनी होगी और सभी सुविधाएं उन्हें ही मुहैया करानी होंगी। उन्हें जांच की फीस ज्यादा लेने की अनुमति नहीं मिलेगी।’ भारत सरकार 10 लाख नए किट्स खरीद रही है।
रोजमर्रा के लिए जरूरी सामान का भंडारण न करें
मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि आम लोग रोजमर्रा के लिए जरूरी सामान, अनाज और दवाइयों का भंडारण नहीं करें। राज्य में इसकी भरपूर आपूर्ति होगी। कोरोना को देखते हुए गलत फायदा उठाकर कोई व्यापारी जमाखोरी करेगा अथवा दवाइयों और मास्क को ज्यादा कीमत पर बेचेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

