नई दिल्ली:कोरोना वायरस महामारी का असर देश के सभी खेल आयोजनों पर पड़ने के बीच खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को खिलाड़ियों से हिम्मत नहीं हारने और प्रतिस्पर्धाओं के बीच कड़ी मेहनत करते रहने का आग्रह किया।
सरकार ने पिछले सप्ताह संक्रमण पर काबू करने के मकसद से यात्राओं पर प्रतिबंध लगा दिया था। खेल मंत्रालय ने सभी राष्ट्रीय खेल महासंघों से स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह माननेको कहा है। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण दुनिया भर में खेल प्रतियोगिताएं रद्द या स्थगित हुई हैं।
रिजिजू ने ट्वीट किया, ”कोरोना वायरस के कारण खेल आयोजन अस्थाई तौर पर स्थगित हो रहे हैं, लेकिन मैं खिलाड़ियों से अपील करता हूं कि हिम्मत नहीं हारे और अभ्यास करते रहें।”
बता दें कि चीन के वुहान शहर से फैसले इस संक्रमण से अब तक दुनिया भर में 6000 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और लगभग एक लाख 60 हजार लोग संक्रमित हुए हैं। भारत में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 100 की संख्या को पार कर गया है जबकि अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।
देश की कई राज्य सरकारों ने स्कूलों, मॉल, सिनेमाघरों को बंद करने के आदेश दिए हैं, जिससे कि लोगों को एकत्रित होने से रोका जा सके। साथ ही लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों से दूर रहने को कहा गया है।

