मस्कट:भारत के युवा टेबल टेनिस खिलाड़ी जीत चंद्रा ने शनिवार को यहां दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी मानव ठक्कर को सीधे सेटों में हराकर ओमान ओपन में अंडर-21 मेंस सिंगल्स इवेंट का खिताब अपने नाम किया। दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी चंद्रा ने हमवतन ठक्कर को महज 24 मिनट में 11-6, 11-7, 13-11 से हराया।
इससे पहले भारत के सीनियर अचंत शरत कमल ने पहला सेट गंवाने के बाद वापसी करते हुए मेंस सिंगल्स प्री क्वॉर्टर फाइनल में बेलारूस के आलियाकसांद्र खानिन को 5-11, 11-5, 11-3, 11-5, 11-7 से शिकस्त दी। एक अन्य भारतीय खिलाड़ी हरमीत देसाई ने भी क्वॉर्टर फाइनल में जगह बनाई। इसके लिए उन्होंने मिस्र के उमर असार को रोमांचक मुकाबले में 7-11, 11-13, 11-9, 11-6, 8-11, 11-5, 11-8 से मात दी। वहीं तीन भारतीय जोड़ियों ने भी डबल्स सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
शरत और देसाई की जोड़ी ने ओमान के मुहानाद अल बालुशी और असद अलराईसी को 11-4, 11-3, 11-7 से हराया। मानुष शाह ने ठक्कर के साथ मिलकर बेलारूस के आलियाकसांद्र खानिन और पावेल प्लातोनोव को अंतिम आठ के मुकाबले में 12-10, 8-11, 11-8, 11-9 से मात दी। दिया चिताली और अर्चना कामत ने भी विमेंस डबल्स के सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

