मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार ने मुंबई, पुणे, नासिक और नागपुर में सभी जिम, स्विमिंग पूल, सिनेमाघर और थियेटर को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके अलावा पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में सभी स्कूलों को भी अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। हालांकि, जिन स्कूलों में 10वीं और 12वीं की परीक्षा चल रही है वह खुले रहेंगे। सीएम उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोनावायरस से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि लोकल ट्रेन और बस सर्विस जारी रहेगी। हालांकि, सीएम के बाद स्वास्थ मंत्री राजेश टोपे मीडिया के सामने आये और कहा कि किसी भी मॉल या मल्टीप्लेक्स को बंद नहीं किया गया है।
राज्य में अब तक 17 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण के 5 नए मामले सामने आए हैं। इसमें एक पुणे, तीन नागपुर और एक ठाणे में हैं। ऐसे में अब राज्य में कोरोना संक्रमण की पीड़ितों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पुणे में अमेरिका से लौटे युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके बाद उन्हें नायडू हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। अन्य लोग दुबई और फ्रांस से आए हैं।
सार्वजनिक कार्यक्रमों पर पाबंदी, कैदियों के लिए मास्क मंगाए गए
उद्धव ने यह भी बताया कि वे कंपनियों को कह रहे हैं कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की मंजूरी दें। इसके अलावा पब्लिक गेदरिंग पर भी पाबंदी लगाने की बात कही है।पुणे में जेल प्रशासन ने जेल में बंद कैदियों के लिए भी सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए हैं। पुणे जेल प्रशासन ने कैदियों के लिए करीब दो हजार मास्क मंगाए हैं। इसके अलावा जेल के गेट पर सेनिटाइजर रखा गया है। हर कैदी जेल से बाहर जाते समय और अंदर आते समय इसका इस्तेमाल कर रहा है।
डीएम को कोरोनावायरस होने की झूठी अफवाह
पिछले दो दिन से अफवाह थी कि नागपुर के जिलाधिकारी रविंद्र ठाकरे कोरोना से ग्रसित हैं। सोशल मीडिया में उनके छींकने और खासने को वजह बताते हुए ऐसे दावे किए जा रहे थे। शुक्रवार को मीडिया के सामने आए और बताया कि उन्हें कोरोना संकम्रण नहीं है। उनकी सेहत को लेकर झूठी अफवाह फैलाई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

