सिडनी:ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है, टूर्नामेंट का फाइनल मैच 8 मार्च (इंटरनेशनल विमेंस डे) को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में मेजबान ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेला जाना है। टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल मैच 5 मार्च को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए, जिसमें पहला सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच बारिश में धुल गया था, वहीं दूसरे सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुइस मेथड से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के बाद दक्षिण अफ्रीकी कप्तान डेन वैन नीकर्क के एक बयान से भारतीय फैन्स काफी खफा हो गए थे। अब नीकर्क ने इसको लेकर अपनी सफाई दी है।
दरअसल सेमीफाइनल मैच में हार के बाद नीकर्क ने कहा था कि वो हारकर सेमीफाइनल से बाहर होना ज्यादा पसंद करेंगी, ना कि फाइनल मैच के लिए फ्री टिकट हासिल करके। ऐसे में भारतीय फैन्स ने नीकर्क के बयान को भारतीय टीम के खिलाफ दिए गए बयान के रूप में लिया था। हर्ष भोगले ने भी इसको लेकर ट्वीट किया था। अब नीकर्क ने इसको लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मैंने किसी भी टीम के लिए कुछ नहीं कहा था। अगर आप इसका मतलब निकालना चाहते हैं और पूरा इंटरव्यू नहीं देखना चाहते हैं तो मेरे पास आइये। मैं अभी भी बहुत टैलेंटेड टीम की गर्वान्वित कप्तान हूं।’
नीकर्क ने दी अपनी सफाई
नीकर्क ने इस कमेंट के साथ अपने इंटरव्यू के उस हिस्से का भी वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कहा है, ‘हमें ग्राउंडस्टाफ को क्रेडिट देना होगा। हम मैच खेलने के लिए मैदान पर उतर सकें, इसके लिए उन्होंने सारे जतन किए। हम यहां क्रिकेट खेलने के लिए आए हैं। हम हारना पसंद करेंगे ना कि फ्री पास के साथ फाइनल में जाना।’
प्वॉइंट्स के आधार पर फाइनल में पहुंचा भारत
टीम इंडिया ने अपने ग्रुप राउंड में एक भी मैच नहीं गंवाया था और उनके हिस्से में 8 प्वॉइंट्स थे, वहीं इंग्लैंड की टीम 6 प्वॉइंट्स के साथ सेमीफाइनल में पहुंची थी। सेमीफाइनल मैचों के लिए कोई रिजर्व डे भी नहीं था, ऐसे में बारिश से मैच धुलने के बाद भारतीय टीम को बेहतर प्वॉइंट्स के आधार पर फाइनल में जगह मिली, जबकि इंग्लैंड टीम टूर्नामेंट से आउट हो गई।
दक्षिण अफ्रीकी कप्तान नीकर्क ने बोलीं- किसी टीम के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया

