बेंगलुरू:फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक 38 वर्षीय सचिन बंसल की पत्नी प्रिया ने उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। समाचार एजेंसी आइएएनएस के मुताबिक गुरुवार को बेंगलुरू पुलिस ने बताया कि फ्लिपकार्ट के सह-संस्थापक सचिन बंसल की पत्नी ने कोरमंगला पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। मड़ीवाला के सहायक पुलिस आयुक्त कारी बसवनगौड़ा ने इसकी पुष्टि की है।
आइएएनएस के मुताबिक एफआईआर में प्रिया बंसल ने आरोप लगाया कि शादी के बाद यह तय किया गया कि वह पति के साथ रहेंगी। शादी से पहले ससुराल वाले उनके घर आए और दहेज मांगा। पति और ससुराल वाले उन्हे शादी के लिए मानसिक और शारीरिक यातना दे रहे हैं।
उन्होंने साथ ही बताया कि जब मेरी बहन दिल्ली में थीं तब सचिन ने उनका यौन उत्पीड़न किया था। सचिन ने मेरी सभी संपत्तियां अपने नाम पर ट्रांसफर करने की कोशिश की थी और जब मैंने मना कर दिया तो उसने 20 अक्टूबर, 2019 को मेरा शारीरिक शोषण किया था। प्रिया बंसल ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसकी शादी पर 50 लाख रुपये खर्च किए और इसके अलावा बंसल को 11 लाख रुपये भी दिए।

