नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर सुनील जोशी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने बुधवार (4 मार्च) को राष्ट्रीय चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया, जबकि पांच सदस्यीय इस समिति में पूर्व तेज गेंदबाज हरविंदर सिंह को भी शामिल किया। सीएसी में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लाल, आर पी सिंह और सुलक्षणा नाइक शामिल हैं जिन्होंने दोनों चयनकर्ताओं को चुना, जिसमें सुनील जोशी ने दक्षिण क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में एमएसके प्रसाद की जगह ली। मदन लाल ने कहा कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली सहित दूसरे अधिकारियों ने उम्मीदवारों के चयन के लिए उन्हें पूरी छूट दी थी। उन्होंने कहा, ”गांगुली ने इस बारे में एक शब्द भी नहीं कहा।”
विराट कोहली के साथ IPL में खेल चुके हैं जोशी
सुनील जोशी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 2008 और 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) टीम का हिस्सा थे। विराट कोहली भी शुरू से ही आरसीबी का हिस्सा हैं, ऐसे में विराट कोहली और सुनील जोशी एक साथ क्रिकेट खेल चुके हैं। जोशी ने आईपीएल में आरसीबी के लिए 4 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने महज एक ही विकेट लिया है। वहीं, दो पारियों में उन्होंने 6 रन बनाए थे।
ऐसा रहा है सुनील जोशी का कोचिंग करियर
सुनील जोशी हैदराबाद और जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के कोच रह चुके हैं। जोशी की कोचिंग में जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी 2014-15 में मुंबई जैसी बड़ी टीम को मात दी थी। अपनी कोचिंग के डेब्यू सीजन में उनकी टीम क्वॉर्टर फाइनल तक पहुंची थी। हैदराबाद की टीम उनकी कोचिंग में विजय हजारे ट्रॉफी में दूसरे दौर तक पहुंची थी। दिसंबर 2015 में सुनील जोशी ओमान क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कोच बने थे।
2016 में सुनील जोशी दो रणजी ट्रॉफी सीजन के लिए असम क्रिकेट टीम के कोच रह चुके हैं। वह सनथ कुमार की जगह असम के कोच बने थे। जोशी 2017 अगस्त में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कंसल्टेंट रह चुके हैं। इसके बाद जुलाई 2019 में उन्हें यूएस नेशनल टीम का स्पिन बॉलिंग कोच बनाया गया था। वो किंग्स इलेवन पंजाब के स्पिन बॉलिंग कोच भी रह चुके हैं।
सुनील जोशी क्रिकेट करियर
सुनील जोशी ने भारत के लिए 15 टेस्ट और 69 वनडे मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 41 और वनडे में 69 विकेट हासिल किए हैं। 49 साल के सुनील जोशी का बेस्ट परफॉर्मेंस 1999 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ था, जब उन्होंने 10–6–6–5 के साथ टीम को जीत दिलाई थी। 2002 में उनके इस गेंदबाजी प्रदर्शन को विजडन-100 में 7वां बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन बताया गया था।
1999 के वर्ल्ड कप में नहीं हुआ था चयन
सुनील जोशी ने डोमेस्टिक क्रिकेट में 1995-96 में कर्नाटक की तरफ से रणजी ट्रॉफी में खेला था। उन्होंने इस सीजन में 500 रन और 50 विकेट लिए थे। 1996 में उन्होंने टेस्ट और वनडे डेब्यू किया था, लेकिन 1999 में हुए क्रिकेट वर्ल्ड कप में उन्हें नहीं चुना गया था।
2011 में क्रिकेट से लिया संन्यास
सुनील जोशी ने 21 जून 2011 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था।

