सिडनी:आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के दोनों सेमीफाइनल मैच 5 मार्च (गुरुवार) को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाने हैं। दोनों ही मैचों पर बारिश का संकट बना हुआ है। पहला सेमीफाइनल भारतीय महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच खेला जाना है। इस मैच से पहले इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने बारिश की आशंका को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि अगर बारिश के चलते मैच रद्द होता है, तो यह टूर्नामेंट के लिए शर्म की बात होगी।
मैच के दिन भारी बारिश होने की आशंका है। सेमीफाइनल मैचों के लिए रिजर्व डे भी नहीं रखे गए हैं। अगर बारिश के कारण सेमीफाइनल रद्द होते हैं तो भारत और दक्षिण अफ्रीका फाइनल में पहुंचेगी क्योंकि दोनों अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर रही थीं। नाइट ने कहा, ‘अगर दोनों सेमीफाइनल नहीं हो पाते हैं तो यह टूर्नामेंट के लिए बुरी खबर होगी। इस तरह की स्थिति में रिजर्व डे काफी उपयोगी होते और यह टूर्नामेंट के लिए शर्म की बात है।’
उन्होंने कहा, ‘हमने सुबह ही देखा, नियम मेंस टी-20 विश्व कप के लिए भी यही हैं। अगर ऐसा होता है तो यह काफी शर्म की बात होगी और मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि इसे बदलने का दबाव भी होगा।’ क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने अंतिम पलों में सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे रखने की बात अपील की थी, जिसे खारिज कर दिया गया है। 2019 आईसीसी वर्ल्ड कप में हालांकि दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मैच के लिए रिजर्व डे रखे गए थे, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में ऐसा नहीं है।

