अम्मान:साक्षी चौधरी ने यहां बुधवार को खेले जा रहे एश्यिा/ओसनिया ओलंपिक क्वॉलिफायर के महिला वर्ग में भारत को विजयी शुरुआत दिलाई है। साक्षी ने 57 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में थाईलैंड की निलावाने टेखेशुफ को 4-1 से हरा क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। साक्षी का मुकाबला अगले दौर में दक्षिण कोरिया की एइ इम से होगा, जिन्होंने नेपाल की मिनू गुरंग को हरा क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
साक्षी और निलावाने ने पहले राउंड में बराबरी की शुरुआत की। साक्षी ने अपने बाएं जैब और बेहतरीन फुटवर्क से थाईलैंड की मुक्केबाज को दूर ही रखा। वह भी हालांकि अपने दाएं और बाएं जैब के संयोजन से साक्षी पर अच्छे प्रहार कर रही थीं।
पहले राउंड में तो साक्षी हावी रहीं, लेकिन दूसरे हाफ में थाईलैंड की मुक्केबाज ने एकतरफा वापसी की। दूसरे हाफ में थाईलैंड की मुक्केबाज आक्रामक शुरुआत की और पास जाकर साक्षी को सीधे पंचों के साथ दाएं और बाएं जैब का इस्तेमाल करते हुए साक्षी को परेशान कर दिया। निलावने ने लगातार यही किया और साक्षी इस राउंड में उनके पंचों का जवाब नहीं दे पाईं। इस राउंड में साक्षी के पास थाईलैंड की मुक्केबाज का कोई जवाब नहीं था।
साक्षी ने आखिरी तीन मिनट में आक्रामक रुख अख्तियार कर थाईलैंड की मुक्केबाज को संभलने का मौका नहीं दिया। तीसरे राउंड में साक्षी वापसी करने में सफल रहीं और इसी कारण मैच उनके कब्जे में रहा।
अंतिम आठ में उनका सामना कोरिया की इम एइजी से नौ मार्च को होगा। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले मुक्केबाज टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई कर जाएंगे।

