मुंबई:मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों ने अपने स्टार हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या का स्वागत किया है, जिन्होंने पांच महीने मैदान से बाहर रहने के बाद फिटनेस हासिल करते हुए वापसी की है। लंदन से सर्जरी करा कर लौटे पांड्या ने डीवाई पाटिल टी-20 कप में 25 गेंदों पर 38 रन बनाकर शानदार वापसी की।
डीवाई पाटिल स्पोटर्स अकादमी के फेसबुक पेज पर हार्दिक ने कहा, “यह मेरे जैसे खिलाड़ियों के लिए शानदार मंच है। मैं छह महीनों से बाहर हूं। लंबे समय बाद यह मैं दूसरा मैच खेल रहा था। मेरे लिए यह शानदार मंच है जहां मैं देख सकता हूं कि मैं और मेरा शरीर इस समय कैसी स्थिति में है। जिस तरह से चीजें हो रही हैं मैं उससे खुश हूं।”
अपनी आतिशी पारी पर उन्होंने कहा, “अगर गेंद मेरे क्षेत्र में होगी तो मैं जाऊंगा और उसे मारूंगा। अधिकतर समय यह मेरे लिए अच्छा होता है। ऐसी कोई रणनीति नहीं होती कि मुझे वहां जाकर मारना ही है।” पांड्या लंबे समय से पीठ की चोट के कारण भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। अब वह टीम में आने के लिए पूरी तरह से फिट हैं।
हार्दिक पांड्या ने सोमवार को एक फोटो सोशल मीडिया पर साझा की और लिखा, “उस मैदान पर वापसी कर अच्छा लग रहा है जिस पर मैं खेलता था। आपका समर्थन मुझे खेलने के लिए प्रेरित करता है।” मुंबई के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव ने पांड्या की तारीफ की है और उनको लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखा है। प्रशंसकों ने भी हार्दिक पांड्या को शुभकामनाएं दी हैं।
बता दें कि हार्दिक पांड्या ने सितंबर 2019 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है। लोअर बैक की सर्जरी कराने के बाद पांड्या को लंबे समय तक क्रिकेट मैदान से दूर रहना पड़ा है। सर्जरी के बाद पांड्या का वजन काफी कम हो गया था। पांड्या ने पिछले तीन महीने में अपना वजन 68 से 75 किलोग्राम तक पहुंचाया है। पांड्या ने तब और अब की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ’68 से 75 किलोग्राम तीन महीने में। नॉन-स्टॉप एफर्ट, कोई शॉर्टकट नहीं।’
2018 एशिया कप के दौरान हार्दिक पांड्या को लोअर बैक इंजरी हुई थी, इसके बाद से वो इस चोट के चलते टीम से अंदर-बाहर होते रहे। पिछले साल अक्टूबर में हार्दिक पांड्या ने लंदन में लोअर बैक सर्जरी कराई।

