मुंबई: राकांपा प्रमुख शरद पवार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली में हुए दंगे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ दिनों से देश की राजधानी जल रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में केंद्र में सत्ताधारी पार्टी को सफलता नहीं मिली। इसलिए अब वे देश में सांप्रदायिकता फैलाकर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। रविवार को मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शरद पवार ने यह बात कही। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इलाकों में भड़की हिंसा में अब तक 40 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।
मंदी से भटकाने के लिए लाया गया सीएए
इससे पहले भी शरद पवार सीएए को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि देश में जो मंदी का माहौल है, उससे लोगों को ध्यान बांटने के लिए नागरिकता संशोधन कानून लाया गया है। उन्होंने कहा था कि सरकार को सीएए बिल लाने से पहले सदन में सभी राजनीतिक पार्टियों से विचार-विर्मश करना चाहिए था।
महाराष्ट्र के मंत्री और राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नवाब मलिक ने भी दिल्ली हिंसा के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था कि राजधानी में दंगों के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और दंगे रोकने की कोशिश नहीं की। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री पर आरोप लागाया था कि वे स्थिति को संभाल नहीं पाए।

