क्राइस्टचर्च:न्यूजीलैंड ने सोमवार को क्राइस्टचर्च टेस्ट में भारत को 7 विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया। सीरीज के पहले वेलिंगटन टेस्ट में भी भारत को 10 विकेट से हार मिली थी। मैच में टॉस हारकर भारत ने पहली पारी में 242 रन बनाए। जबकि न्यूजीलैंड टीम 235 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में 7 रन की बढ़त के साथ उतरी भारतीय टीम सिर्फ 124 रन ही बना सकी। इस लिहाज से कीवी टीम को 132 रन का लक्ष्य मिला। न्यूजीलैंड दौरे पर भारत ने पहले 5 टी-20 की सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। इसके बाद न्यूजीलैंड ने भारत को वनडे सीरीज में 3-0 से हराया। कीवी ऑलराउंडर काइल जैमिसन मैन ऑफ द मैच चुने गए।
दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के टॉम ब्लेंडल ने 55, टॉम लाथम ने 52, कप्तान केन विलियम्सन ने 5 रन की पारी खेली। जबकि रॉस टेलर और हेनरी निकोल्स 5-5 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं भारत के जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए। उन्होंने ब्लेंडल को बोल्ड किया, जबकि विलियम्सन को अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच आउट कराया। एक विकेट उमेश यादव ने लिया। उनकी गेंद पर लाथम का कैच विकेटकीपर ऋषभ पंत ने लिया।
7 भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके
मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 97 रन की बढ़त और 90 रन के स्कोर के साथ आगे खेलना शुरु किया था। इसके बाद 34 रन के अंदर ही बाकी खिलाड़ी भी पवेलियन लौट गए। भारत की दूसरी पारी में चेतेश्वर पुजारा ने सबसे ज्यादा 24 और रविंद्र जडेजा ने 16 रन बनाए। वहीं, 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। मयंक अग्रवाल 3, अजिंक्य रहाणे 9, उमेश यादव 1, हनुमा विहारी 9, ऋषभ पंत 4, मोहम्मद शमी 5 और जसप्रीत बुमराह 4 रन ही बना सके। वहीं, भारतीय कप्तान विराट कोहली लगातार 22वीं पारी में बड़ा स्कोर बनाने नाकाम रहे और 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वे भी दोनों टेस्ट की दो पारियों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके।

