बॉलीवुड में विदेशी कलाकारों की भी अच्छी मांग रही है। तमाम कलाकारों ने विदेश से आकर अपने अभिनय से सभी का दिल जीता तो कुछ असफल भी हुए। पिछले दिनों ऐसी ही एक अभिनेत्री से मुलाकात हुई जो पिछले 12 सालों से स्ट्रगल कर रही हैं, अब उनकी एक पहली फिल्म रिलीज होने जा रही है। इस अभिनेत्री का नाम है एलेना तेतुजा। हालांकि एलेने मॉडलिंग के साथ-साथ सीरियल व फिल्मों में छोटे रोल करती रही हैं लेकिन उनकी फिल्म रिलीज हो और वह मुख्य भूमिका में होने का सपना अब साकार होने जा रहा है फिल्म ‘कहता है ये दिल’ से। एलेना ने ‘सुरभि सलोनी’ से बातचीत में अपने फिल्मी सफर की कहानी शेयर की, पेश है बातचीत के प्रमुख अंशः
एलेना आपकी फिल्म रिलीज होने जा रही है, अपने रोल और फिल्मी सफर के बारे में बताएं?
मुझे बहुत खुश हूं कि मेरी पहली फिल्म रिलीज होने जा रही है। हालांकि इससे पहले भी मैंने कुछ फिल्मों में अभिनय किया है लेकिन वह फिल्में अभी तक रिलीज नहीं हो पाईं, जबकि ‘कहता है ये दिल’ रिलीज हो चुकी है। जहां तक मेरे फिल्मी सफर की बात है तो मैं मास्को से हूं। शुरू से ही बॉलीवुड फिल्मों ने मुझे आकर्षित किया। मुझे सिंगिंग, डांसिंग सब बहुत पसंद है। इसी वजह से मैंने कत्थक भी सीखा है। मैं माधुरी दीक्षित की फैन हूं। 12 साल पहले बॉलीवुड में काम करने का सपना लिए इंडिया आ गई और स्ट्रगल कर रही हूं। शाहरुख खान के ‘जीरो’ में भी मैंने छोटा सा रोल किया है इसके अलावा टीवी सीरियल जिंदगी की महक, क्राइम अलर्ट, पार्टनर्स, कसम, कुमकुम भाग्य, प्रेमा तुझा रंग कैसा, सावधान इंडिया, सीआईएफ जैसा सीरियल्स में भी छोटे-छोटे रोल करती रही हूं।
मास्को से होकर इतनी अच्छी हिन्दी कैसे सीखी?
काम करते-करते, दोस्तों के साथ बातचीत करते हुए हिन्दी सीखी है। कहीं से कोई एक्स्ट्रा क्लास वगैरह नहीं किया है।
इसके अलावा क्या-क्या कर रही हैं?
कुछ फिल्में हैं जिनकी शूटिंग तो हो गई है लेकिन अभी रिलीज नहीं हुई हैं। बाद में बनने के बावजूद भी ‘कहता है ये दिल’ रिलीज हो चुकी है, इसलिए पहली फिल्म मेरी यही है। कई प्रोजेक्ट हैं। कुछ वेब सिरीज भी हैं।
वेबसिरीज काफी ओपन कंटेंट दिखा रहे हैं, इसे आप कैसे देखती हैं?
वेबसीरीज में बहुत अधिक नंगापन हो गया है। हम जिस भारत के बारे में जानते थे, कल्पना करते थे, संस्कृति की बात करते थे। उससे अलग। हालांकि अगर वास्तव में कहानी की मांग हो तो बुराई नहीं है लेकिन जबरदस्ती नंगापन दिखाना अच्छा नहीं लगता।
(बाकी बातचीत ‘सुरभि सलोनी’ के यूट्यूब चैनल पर देखें। )
मास्को से आकर स्ट्रगल करते हुए एलेना टुटेजा ने बॉलीवुड में बनाया मुकाम

