सियोल रोम:दुनियाभर में कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच टेबल टेनिस विश्व टीम चैंपियनशिप कोरोना वायरस मामलों के कारण स्थगित कर दी गई है। वहीं कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए इटालियन सेरी ए और यूरोपा लीग के आने वाले मैच बंद स्टेडियमों में खेले जाएंगे और इनमें कोई दर्शक मौजूद नहीं होगा।
टेबल टेनिस विश्व टीम चैंपियनशिप अगले महीने दक्षिण कोरिया के शहर बुसान में आयोजित की जानी थी। अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ (आईटीटीएफ) ने कहा कि 22 से 29 मार्च को होने वाली यह प्रतियोगिता अब 21 से 28 जून के बीच हो सकती है। दक्षिण कोरिया की के-लीग फुटबॉल भी स्थगित कर दी गई है। बास्केटबॉल, वॉलबॉल और हैंडबॉल ने भी इसी तरह के कदम उठाए हैं, क्योंकि दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस पीड़ितों की संख्या बढ़कर 893 पर पहुंच गई है जबकि अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
आईटीटीएफ ने बयान में कहा, ‘कोरिया गणराज्य में आपात स्थिति को देखते हुए और खिलाड़ियों, अधिकारियों और फैन्स के स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान में रखते हुए बुसान में होने वाली हाना बैंक 2020 विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप को स्थगित कर दिया गया है। इसके लिए 21 से 28 जून की डेट्स अस्थायी तौर पर सुरक्षित की गई हैं।’
कोरोना वायरस का खौफ, इटली में फुटबॉल मैचों में नहीं होंगे दर्शक
वहीं इटालियन सेरी ए और यूरोपा लीग के आगामी मैच बंद स्टेडियमों में खेले जाएंगे और इनमें कोई दर्शक मौजूद नहीं होगा। इटली के खेल मंत्री विनसेंजो स्पैडाफोरा ने मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद कहा, ‘खेल जगत की मांग और यह जानते हुए कि उत्तरी इटली के छह क्षेत्रों में जनता के लिए खेल आयोजनों पर प्रतिबंध जारी है, हमने बंद दरवाजों के अंदर मैचों का आयोजन करने पर सहमति जताई है।’ इंटर मिलान ने भी घोषणा की कि लुडोगोरेट्स के खिलाफ होने वाले यूरोपा लीग के उसके मैच के दौरान कोई भी दर्शक स्टेडियम में मौजूद नहीं रहेगा। खेल मंत्री ने यह नहीं बताया कि सेरी ए के वीकेंड में होने वाले किन मैचों से दर्शकों को प्रतिबंधित किया गया है।

