वेलिंगटन:भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मैच वेलिंगटन में खेला जा रहा है। पहले दिन बारिश के कारण सिर्फ 55 ओवर की ही खेल हो सका। खेल खत्म होने तक भारत का स्कोर 5 विकेट पर 122 रन रहा। अजिंक्य रहाणे 38 और ऋषभ पंत 10 रन बनाकर नाबाद हैं। इनके अलावा मयंक अग्रवाल 34, पृथ्वी शॉ 16, चेतेश्वर पुजारा 11, विराट कोहली 2 और हनुमा विहारी 7 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू करने वाले काइल जैमिसन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय ओपनर पृथ्वी और मयंक टीम को अच्छी शुरुआत देने में फिर फ्लॉप साबित हुए। पृथ्वी शॉ 16 रन बनाकर टिम साउदी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। मयंक को ट्रेंट बोल्ट ने अपनी गेंद पर जैमिसन के हाथों कैच आउट कराया। कप्तान विराट कोहली भी 2 रन बनाकर आउट हुए। जैमिसन की गेंद पर रॉस टेलर ने उनका कैच लिया। चेतेश्वर पुजारा 11 रन बनाकर जल्दी चलते बने। उन्हें जैमिसन ने विकेटकीपर बीजे वाटलिंग के हाथों कैच आउट कराया। हनुमा भी मौके का फायदा नहीं उठा सके और जैमिसन की गेंद पर वॉटलिन के हाथों कैच आउट हुए।
भारत ने न्यूजीलैंड को 20 में से 11 सीरीज में हराया
दोनों टीमें 3 साल बाद आमने-सामने होंगी। पिछली बार भारतीय टीम ने अपने घर में सितंबर 2016 में न्यूजीलैंड को 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। साथ ही टीम इंडिया के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ 12वीं सीरीज जीतने का मौका है। दोनों टीमों के बीच अब तक 20 सीरीज खेली गईं, जिनमें टीम इंडिया ने 11 बार जीत हासिल की। 5 में भारत को हार मिली, जबकि 4 सीरीज ड्रॉ रही हैं। भारत ने कीवी टीम के खिलाफ अब तक 57 में से 21 टेस्ट में जीत दर्ज की, जबकि 10 मैच हारे हैं। 26 मुकाबले ड्रॉ हुए। वहीं, न्यूजीलैंड के घर में भारत ने 23 में से सिर्फ 5 मुकाबले ही जीते हैं। 8 में टीम को हार मिली, जबकि 10 टेस्ट ड्रॉ हुए।
बारिश की वजह से पहले दिन का खेल खत्म

