ऑकलैंड:न्यूजीलैंड ने भारत को तीन वनडे की सीरीज के दूसरे मैच में 22 रन से हरा दिया है। इसी के साथ कीवी टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। ऑकलैंड के ईडन पार्क में शनिवार को मैच में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 273 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 48.3 ओवर में 251 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के रविंद्र जडेजा ने 55, श्रेयस अय्यर ने 52 और नवदीप सैनी ने 45 रन की पारी खेली। सीरीज का आखिरी मुकाबला 11 फरवरी को माउंट माउनगनुई में होगा।
इससे पहले श्रेयस अय्यर वनडे करियर का 7वां अर्धशतक लगाकर आउट हुए। वे 52 रन पर हामिश बेनेट की गेंद पर टॉम लाथम के हाथों कैच आउट हुए। केदार जाधव 9 रन बनाकर आउट हुए। टिम साउदी की गेंद पर हेनरी निकोल्स ने उनका कैच लिया। विराट कोहली को 15 रन पर साउदी ने क्लीन बोल्ड किया। लोकेश राहुल भी 4 रन बनाकर कॉलिन डी ग्रैंडहोम की गेंद पर बोल्ड हुए।
चहल ने 3 और ठाकुर ने 2 विकेट लिए
भारतीय ओपनर मयंक अग्रवाल और पृथ्वी शॉ पवेलियन लौट गए। मयंक 3 रन बनाकर हामिश बेनेट की गेंद पर रॉस टेलर के हाथों कैच आउट हुए। वहीं, अपना पहला वनडे खेल रहे काइल जैमिसन ने पृथ्वी को 24 रन पर क्लीन बोल्ड किया। इससे पहले न्यूजीलैंड के लिए मार्टिन गुप्टिल ने 79, हेनरी निकोल्स ने 41 और रॉस टेलर ने 73 रन की पारी खेली। वहीं, भारत की ओर से युजवेंद्र चहल ने 3, शार्दुल ठाकुर ने 2 और रविंद्र जडेजा ने 1 विकेट लिया।
साउदी ने कोहली को सबसे ज्यादा आउट किया
कोहली को साउदी ने तीनों फॉर्मेट (वनडे, टी-20 और टेस्ट) में सबसे ज्यादा 9 बार आउट किया है। उनके बाद इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन और ग्रीम स्वान हैं, जिन्होंने कोहली को 8-8 बार पवेलियन भेजा। वहीं, वनडे में साउदी और वेस्टइंडीज के रवि रामपाल ने 6-6 बार यह सफलता हासिल की। उनके बाद श्रीलंका के तिसारा परेरा और ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा ने 5-5 बार कोहली को आउट किया।
निकोल्स-गुप्टिल के बीच 93 रन की ओपनिंग साझेदारी
मैच में कप्तान टॉम लाथम 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें जडेजा ने एलबीडब्ल्यू किया। गुप्टिल करियर का 36वां अर्धशतक लगाकर रनआउट हो गए। ठाकुर ने टॉम ब्लेंडल को 22 रन पर आउट किया। उनका कैच नवदीप सैनी ने लिया। जिमी नीशम को 3 रन पर रविंद्र जडेजा ने रनआउट किया। युजवेंद्र चहल ने ओपनर हेनरी निकोल्स को एलबीडब्ल्यू किया। निकोल्स ने गुप्टिल के साथ 93 रन की ओपनिंग साझेदारी की। भारत के खिलाफ ऑकलैंड में न्यूजीलैंड की यह किसी भी विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
बुमराह ने 5 वनडे में 1 विकेट लिया
तेज गेंदबाज बुमराह ने इसी साल चोट के बाद टीम में वापसी की। इसके बाद से उन्होंने 5 वनडे में 277 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 1 ही विकेट लिया। पिछले तीन वनडे में उन्हें कोई सफलता नहीं मिला। ऐसा उनके करियर में पहली बार हुआ।
टेलर भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले कीवी बल्लेबाज
टेलर ने लगातार दूसरे वनडे में अर्धशतक लगाया। वे भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा 11 अर्धशतक लगाने वाले कीवी खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले नाथन एस्टल ने 10 बार फिफ्टी लगाई है। इनके अलावा स्टीफन फ्लेमिंग और केन विलियम्सन 9-9 बार अर्धशतक लगा चुके हैं। वहीं, इस मैच में डेब्यू कर रहे काइल जैमिसन ने 24 गेंद पर नाबाद 25 रन की पारी खेली।
गुप्टिल घर में 4 हजार रन बनाने वाले पहले कीवी खिलाड़ी
गुप्टिल अपने देश में वनडे में 4000 रन पूरा करने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि 92 पारियों में हासिल की। उनके बाद दूसरे नंबर पर रॉस टेलर हैं, जिनके 96 पारियों में 3986 रन हैं। यह दोनों खिलाड़ी इस मैच में खेल रहे हैं।
| खिलाड़ी | पारी | रन |
| मार्टिन गुप्टिल | 92 | 4001* |
| रॉस टेलर | 96 | 3986* |
| नाथन एस्टल | 84 | 3448 |
| ब्रैंडन मैकुलम | 106 | 3188 |

