नई दिल्ली:चुनाव आयोग ने दिल्ली में आचार संहिता लागू होने के बाद 50 करोड़ रुपये से अधिक की शराब, कैश आदि जब्त किया है। यह पिछले चुनाव की तुलना में 25 गुना अधिक है।
चुनाव आयोग ने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए छह जनवरी, 2020 से लागू आदर्श आचार संहिता से पांच फरवरी तक कानून और प्रवर्तन एजेंसियों ने 52,87,69,815 रुपये की शराब, नशीले पदार्थ और कीमती धातु जब्त की है। इसमें 10,02,79,540 रुपये की नकदी भी शामिल है।
चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली चुनाव की वोटिंग से पहले राजधानी में 2,63,35,615 रुपये की शराब, 5,87,37,750 के ड्रग्स और 32,18, 06,910 रुपये के कीमती आभूषण आदि जब्त किए। आयोग ने आगे बताया कि पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में 2,42,79,766 रुपये की शराब, नशीला पदार्थ आदि जब्त किया गया था। इसमें 42,38,500 रुपये की नकदी शामिल थी।
वहीं, दिल्ली में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के तहत कुल 558 मामले दर्ज किए गए। इसमें 534 एफआईआर और 24 डीडी हैं। 37 आम आदमी पार्टी, 14 कांग्रेस, 11 बीजेपी और 496 प्रविष्टियां गैर-राजनीतिक दलों की हैं। इसके अलावा 402 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिसके तहत 440 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली में थमा चुनाव प्रचार
दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार गुरुवार शाम छह बजे थम गया। अब 8 फरवरी को दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे जबकि 11 फरवरी को वोटों की गिनती होगी। दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनावों में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, भाजपा के विजेंदर गुप्ता और कांग्रेस के अरविंदर सिंह लवली समेत करीब 668 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

