नई दिल्ली: कोरोना वायरस से प्रभावित चीन के शहर वुहान से भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकालने के अभियान के लिए भारत सरकार ने चीन सरकार की तारीफ की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि भारत ने 2 उड़ानों के जरिए चीन से 640 भारतीयों और मालदीव के 7 नागरिकों को सुरक्षित निकाला। इस दौरान उनसे जब पूछा गया कि चीन में फंसे कुछ पाकिस्तानी भारत सरकार से मदद की अपील की है तो क्या इस पर कोई चर्चा हुई है तो कुमार ने कहा कि पाकिस्तान ने ऐसा कोई अनुरोध नहीं किया है। अगर ऐसी स्थिति बनती है तो इस पर जरूर विचार किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एक पत्रकार ने चीन के वुहान शहर में फंसे लोगों को लेकर पूछा कि वहां पर जो पाकिस्तानी छात्र फंसे हुए हैं, विडियो देख रहे थे उसमें उन्होंने बोला कि मोदी है तो मुमकिन है, मोदी जिंदाबाद…और उन्होंने बोला कि अगर पाकिस्तान सरकार हमें नहीं ले जा रही है तो भारत सरकार हमारी मदद करे तो क्या आप लोगों ने इस पर चर्चा की है, कोई विचार?
इस सवाल के जवाब में रवीश कुमार ने कहा कि फिलहाल तो पाकिस्तान सरकार की तरफ से हमारे पास ऐसा कोई अनुरोध आया नहीं है लेकिन अगर ऐसी स्थिति बनती है तो हम इस पर जरूर विचार करेंगे। इस दौरान पत्रकार ने यह कहा कि वुहान में फंसे पाकिस्तानी छात्र ‘मोदी है तो मुमकिन है’, मोदी जिंदाबाद बोल रहे हैं, तब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता भी मुस्कुराने से खुद को नहीं रोक पाए।
बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से चीन से आने वाले लोगों के लिए ई-वीजा पर अस्थायी तौर पर रोक के बारे में रविश कुमार ने कहा कि वीजा संबंधी पाबंदियां सिर्फ चाइनीज लोगों के लिए हैं। उन्होंने कहा कि चीन के लोगों को दिए गए सभी मौजूदा ई-वीजा अब वैध नहीं हैं। इसी तरह जो नॉर्मल वीजा इश्यू हुए हैं वे भी अब वैध नहीं हैं। अगर ऐसा व्यक्ति जिसे भारत आना बहुत जरूरी है तो वह हमारे दूतावास या नजदीकी दूतावास से संपर्क कर वीजा के लिए अनुरोध कर सकता है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भारत और चीन के बीच वाणिज्यिकी विमानों पर सरकार की तरफ से कोई प्रतिबंध नहीं लगा है। उन्होंने साथ में कहा कि एयरलाइन कंपनियां जमीनी स्थिति का आकलन करते हुए इस बारे में खुद से फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है।

