असत्य संभाषण से बचे : आचार्य महाश्रमण
ज्ञानगच्छ की साध्वियों ने किए पूज्यवर के दर्शन
05-02-2020, बुधवार, अम्मिनभावी, धारवाड़, कर्नाटकः जैन श्वेतांबर धर्मसंघ के ग्यारहवें पट्टधर अणुव्रत अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण जी ने प्रभात वेला में धारवाड़ स्थित श्रीमती गुरु मां सेवा भवन से मंगल विहार किया। हल्के आरोह-अवरोह से भरे मार्ग पर 12 किलोमीटर विहार कर ज्योतिचरण श्री महाश्रमण अहिंसा यात्रा के साथ अम्मिनभावी स्थित मॉडल प्राइमरी स्कूल में पहुंचे। मार्ग में स्थानक ज्ञानगच्छ की की साध्वी मंजुलाजी ठाणा-5 ने शांतिदूत के दर्शन कर सुखपृच्छा की।
विद्यालय प्रांगण में श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए आचार्य श्री महाश्रमण जी ने कहा कि आदमी के जीवन में सबलता दिखाई देती है तो कई बार दुर्बलता भी आ जाती है। दुर्बलता एक कारण है मृषावाद का। डर के कारण व्यक्ति कई बार अयथार्थ भाषा बोल देता है।
लोभ के वश होकर मिथ्या भाषण करता है। गुस्से में भी कई बार असत्य भाषण कर देता है। झूठा आरोप लगा देता है। व्यक्ति को जीवन में किसी पर झूठा आरोप नहीं लगाना चाहिए। सत्य बात भी अवसर देखकर करनी चाहिए। शास्त्रों में कहा गया हिंसाकारी मृषा भाषा न बोले। हमारे कारण दूसरों को कष्ट न मिले। मिथ्या आरोपण से बचने का प्रयास करना चाहिए ताकि आत्मा शुद्ध रहे। अभ्याख्यान पाप जीवन में नहीं करना चाहिए। सच्ची बात भी किसी की नहीं फैलानी चाहिए। आरोप फैला कर क्यों हम समय का दुरुपयोग करें। झूठ से जितना हो सके जितना बचे। एक-एक कदम उस ओर बढ़ाए और एक दिन ऐसा आए हम सर्वथा मृषा का त्याग कर दे ।

