नई दिल्ली:चुनाव आयोग ने बुधवार (5 फरवरी) को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन करने के लिए चेतावनी दी है।
चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के अदालत परिसरों में मोहल्ला क्लीनिक खोलने की घोषणा को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए उन्हें भविष्य में आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगाह भी किया है।
आयोग ने केजरीवाल से आचार संहिता लागू रहने के दौरान 13 जनवरी को एक स्थानीय अदालत में वकीलों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की सभी अदालतों में जगह मुहैया कराए जाने पर मोहल्ला क्लीनिक खोलने की घोषणा करने पर उन्हें 31 जनवरी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
केजरीवाल ने आयोग को भेजे अपने जवाब में कहा कि तीस हजारी अदालत में आयोजित उक्त कार्यक्रम में उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री नहीं बल्कि निजी हैसियत में शिरकत की थी। केजरीवाल ने यह दलील भी दी कि उक्त कार्यक्रम में उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक खोलने की घोषणा नहीं की थी बल्कि इस आशय के पूर्व फैसले को दोहराया था।
आयोग ने केजरीवाल की इस दलील को मानने से इंकार करते हुए कहा कि उक्त कार्यक्रम में वह निजी हैसियत में जरूर शामिल हुए थे, लेकिन उन्होंने उक्त घोषणा आधिकारिक हैसियत में की थी इसलिए इससे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है। आयोग ने केजरीवाल को भविष्य में इसके प्रति सावधान रहने के लिए आगाह करते हुए कहा कि वह ऐसा कोई कार्य करने से बचें जिससे आचार संहिता का उल्लंघन होता हो।
केजरीवाल को EC की चेतावनी, कोर्ट कैम्पस में मोहल्ला क्लिनिक खोलने का किया था ऐलान

