हैमिल्टन: विराट कोहली टी-20 में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा 1126 रन बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (1112 रन) को पीछे छोड़ दिया है। कोहली ने यह उपलब्धि बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन मैच में हासिल की। उन्होंने मैच में अपना 25 रन पूरा करते ही धोनी को पीछे छोड़ दिया था। कोहली ने मैच में 27 गेंद पर 38 रन की पारी खेली।
धोनी ने बतौर कप्तान 72 मैच में 37.06 की औसत से 1112 रन बनाए थे। कोहली ने उन्हें 36वें मैच में ही पीछे छोड़ दिया और 45.04 की औसत से 1126 रन बनाए। तीसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 18 मैच में 38.35 की औसत से 652 रन बनाए।
कोहली बतौर कप्तान सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले भारतीय
| खिलाड़ी | मैच | रन | 50+ |
| विराट कोहली | 36 | 1126 | 8 |
| महेंद्र सिंह धोनी | 72 | 1112 | 0 |
| रोहित शर्मा | 18 | 652 | 6 |
| सुरेश रैना | 3 | 102 | 1 |
| अजिंक्य रहाणे | 2 | 37 | 0 |
कोहली ने 80 टी-20 में 2783 रन बनाए
कोहली ने टी-20 करियर में 80 मैच खेले हैं, जिनमें 51.54 की औसत से 2783 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए। वे शतक लगाने में कामयाब नहीं हो सके। वहीं, धोनी ने 98 टी-20 खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 37.60 की औसत से 1617 रन बनाए हैं। उन्होंने अपना पिछला मैच 27 फरवरी 2019 को बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।

