नई दिल्ली:देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने नागरिकता कानून को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि सीएए नागकिता देने वाला कानून है न कि किसी की नागरिकता छीनने वाला। हम लोगों में से कई लोगों को लगता है कि एनपीआर और एनआरसी के साथ सीएए नागरिकता छीन सकती है।
चिदंबरम ने एक के बाद एक चार ट्वीट किए। अपने ट्वीट में वह आगे लिखते हैं, ‘प्रधानमंत्री बड़े मचों से इस मुद्दे पर खामोश दर्शकों को संबोधित करते हैं और कोई सवाल नहीं लेते हैं। हम मीडिया के जरिए बात करते हैं और पत्रकारों के सवाल सुनने के लिए भी तैयार रहते हैं।
चिदंबरम ने कहा, ‘प्रधानमंत्री अपने आलचोकों से बात नहीं करते हैं। आलोचकों के पास पीएम से बात करने का कोई मौका नहीं है। प्रधानमंत्री अपने पांच सबसे प्रखर और स्पष्टवादी पत्रकारों के साथ सवाल-जवाब में शामिल हों। लोगों को भी इस मुद्दे पर सवाल जवाब सुनने दिया जाए और अपनी राय बनाने दें। मुझे उम्मीद है कि पीए मेरे इस सुझाव पर अमल करेंगे।’
इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की आलोचना करते हुए कहा कि वह राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के मुद्दे पर अपने रुख से पलट रहे हैं।

