नई दिल्ली:जेएनयू हिंसा को लेकर बवाल के बीच प्रख्यात अर्थशास्त्री और जेएनयू के प्रोफेसर सीपी चंद्रशेखर ने विश्वविद्यालय में बने हालात का हवाला देते हुए आर्थिक आंकड़ों की समीक्षा करने वाले सरकारी पैनल में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जेएनयू के प्रोफेसर सीपी चंद्रशेखर ने सोमवार को कहा कि पूर्व मुख्य सांख्यिकीविद् प्रणब सेन की अध्यक्षता में सांख्यिकी (एससीईएस) की नई गठित 28 सदस्यीय स्टैंडिंग कमेटी से मैंने खुद को अलग कर लिया है।
प्रोफेसर सी.पी. चंद्रशेखर ने अपने इस्तीफे में कहा, “मुझे यह सूचित करते हुए अफसोस हो रहा है कि जेएनयू में, जहां मैं रहता हूं, मौजूदा हालात की वजह से मैं कल की बैठक में शामिल होने में असमर्थ हूं। इसके अलावा, मुझे लगता है, मौजूदा स्थितियों में कमेटी भी सांख्यिकीय प्रणाली की विश्वसनीयता को बहाल करने में कामयाब नहीं हो पाएगी, जिसकी हालिया वक्त में साख घट गई है।”
गौरतलब है कि समिति का गठन पिछले महीने ही किया गया था, ताकि डेटा की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके। बता दें कि इस कमेटी की बैठक मंगलवार को होनी है।
दरअसल, रविवार को जेएनयू कैंपस में नकाबपोश हमलावलों ने करीब 4 घंटे तक तांडव मचाया था और छात्रों-शिक्षकों को बुरी तरह पीटा था। जेएनयू हिंसा में करीब 28 लोग घायल हो गए थे, जिमनें जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष आइशी घोष भी शामिल थीं।

