मुंबई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। बांद्रा में ठाकरे के निवास मातोश्री पर जाकर गहलोत ने उद्धव ठाकरे को नई सरकार में मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी और उनकी सरकार के 5 साल तक पूरी सफलता के साथ चलने की शुभकामनाएं दी। गांधीवादी विचारों से प्रेरित राजनीति करने वाले मुख्यमंत्री गहलोत ने ठाकरे को सूत की माला पहनाई और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने अपने निवास पर गहलोत का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। इस मुलाकात में महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री गहलोत ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान विश्वास किया था कि उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र सरकार को बेहतर ढंग से चलाएंगे क्योंकि वे एक शालीन राजनेता है और देश के हालात को बेहतर समझते है, इसीलिए उन्होंने मुख्यमंत्री बनने का निर्णय लिया है।

