सीतापुर:उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। पति ने सब्जी में कम नमक पर पत्नी की पिटाई की थी। शुक्रवार सुबह रामकोट रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी पर महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। गुरुवार रात लगभग साढ़े दस बजे हुई घटना में महिला का शव धड़ से अलग हो गया। सूचना पर पहुंची जीआरपी और राककोट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
रामकोट कस्बा के पुराने बाजार मोहल्ला निवासी मुन्नी लाल बेरोजगार है। मोहल्लावासियों की मानें तो मुन्नी लाल अक्सर शराब पीकर पत्नी से झगड़ा करता था। गुरुवार शाम सब्जी में नमक कम होने की बात पर मुन्नीलाल ने पत्नी केशकली की पिटाई कर दी।
केशकली अन्य परिवारीजनों से मदद मांगने गई लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। परेशान केशकली रामकोट रेलवे स्टेशन की तरफ निकल गई। इसी दौरान रात लगभग सवा दस बजे बुढ़वल से बालामऊ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन से वह कट गई। रामकोट थानाध्यक्ष उमाकंत दीपक ने बताया कि मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। फिर भी मृतका के पति मुन्नीलाल से पूछताछ की जा रही है।

