नई दिल्ली:कई बड़े नेताओं को दिल्ली चुनाव में लगाने के बाद अब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चुनावी कमान संभाल ली है। उन्होंने कोर ग्रुप की बैठक शुरू कर दी है। दिल्ली की सत्ता में 21 साल से बाहर रही भाजपा को वापस लाने की रणनीति पर चर्चा हो रही है। केंद्रीय कार्यालय पर रविवार (29 दिसंबर) को दिल्ली भाजपा के कोर ग्रुप नेता जेपी नड्डा से मिले।
कार्यकारी अध्यक्ष ने चुनाव के बारे में पूरी जानकारी ली और आगे की रणनीति तय की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नड्डा खुद चुनावी गतिविधियों पर नजर रखें हुए हैं। प्रत्याशियों के चयन के साथ-साथ जनता से जुड़े हुए मुद्दों पर फोकस करने को कहा गया है। अगले सप्ताह भाजपा के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं।
कच्ची कॉलोनियों में खुलेगा दफ्तर : भाजपा विधानसभा चुनावों में कच्ची कॉलोनियों का मुद्दा बड़े स्तर पर उठाएगी। कच्ची कॉलोनियों के नियमितिकरण को लेकर प्रधानमंत्री की रैली रामलीला मैदान में हो चुकी है। इसके बाद पार्टी ने तय किया है कि 1731 कच्ची कालोनियों में भाजपा दफ्तर खोलेगी। यहां भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय लोगों की मदद करेंगे।
कच्ची कॉलोनी में रहने वालों के रजिस्ट्रेशन में मदद की जाएगी। पार्टी कच्ची कॉलोनियों में बड़ा अभियान भी चलाएगी। सभी को बताने का प्रयास किया जाएगा कि लंबे समय से लंबित इस मामले को भाजपा ने सुलझाया है। कच्ची कालोनी का असर चालीस लाख से ज्यादा लोगों पर पड़ेगा। भाजपा इसे चुनाव में बड़ा फैक्टर मान रही है।
जहां झुग्गी-वहां मकान योजना बताएंगे : कच्ची कालोनी के साथ-साथ भाजपा ने सभी झुग्गी बस्तियों में भी अपना दफ्तर खोलने का फैसला लिया है। भाजपा कार्यकर्ता जहां झुग्गी वहां मकान योजना को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएंगे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
लोकतांत्रिक तारीके से टिकट बंटवारा : तिवारी
विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। यह बात भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने रविवार (29 दिसंबर) को कही। तिवारी ने कहा कि भाजपा के टिकट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक होगी। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को आवेदन की अनुमति दी जाएगी। तिवारी ने कहा कि टिकट का सबसे बड़ा आधार जीत होगी। दिल्ली में प्रधानमंत्री की रैली के बाद पांच जनवरी को पार्टी अध्यक्ष अमित शाह बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे। तिवारी ने कहा कि टिकट चाहने वालों की सूची लंबी है। अपने निर्वाचन क्षेत्र में पसंद और ट्रैक रिकार्ड के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।

