मुंबई:इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में नस्लीय दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। घटना मैच के आखिरी दिन की है। आर्चर ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा- “जब मैं अपनी टीम को हार से बचाने के लिए बल्लेबाजी कर रहा था, तब दर्शकों में बैठे एक व्यक्ति ने नस्लीय दुर्व्यवहार किया। लेकिन बार्मी आर्मी का हमेशा की तरह व्यवहार अच्छा रहा। मेजबान टीम ने मैच में इंग्लैंड को पारी और 65 रन से हराया।”
न्यूजीलैंड क्रिकेट एसोसिएशन जोफ्रा से माफी मांगेगा
न्यूजीलैंड क्रिकेट एसोसिएशन ने एक बयान जारी कर कहा कि, “हम नस्लीय दुर्व्यवहार के लिए जोफ्रा से माफी मांगेंगे। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मैदान पर तैनात सुरक्षाकर्मी उस व्यक्ति की पहचान नहीं कर पाए हैं। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे। एसोसिएशन मैदान पर इस तरह के बर्ताव को बर्दाश्त नहीं कर सकता है। जरूरत पड़ने पर पुलिस को भी जांच से जोड़ा जाएगा।” इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड(ईसीबी) को भी घटना की जानकारी है।
आर्चर ने दूसरी पारी में 30 रन बनाए
इससे पहले आर्चर ने आखिरी दिन टीम की हार टालने के लिए काफी संघर्ष किया। लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। दूसरी पारी में उन्होंने 50 गेंदों पर 5 चौकों की बदौलत 30 रन बनाए। इंग्लैंड टीम दूसरी पारी में 197 रन पर ऑलआउट हो गई।

