नई दिल्ली:संविधान के 70 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में सरकार अगले एक साल तक देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित करेगी। 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर इन कार्यक्रमों की शुरुआत होगी जो अगले साल इसी तारीख तक चलेंगे। इस पूरे वर्ष में सरकार आम जनता के मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर देगी।
देश भर में पूरे साल चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत संसद के केंद्रीय कक्ष से होगी। बताया जा रहा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की रुपरेखा काफी विस्तृत रखी गयी है। पूरे देश में संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलायी जाएगी। इसमें आम जनता से लेकर विभिन्न वर्गो के लोगों को जोड़ने का प्रस्ताव है।
रविवार को मन की बात में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की चर्चा की। प्रधानमंत्री ने कहा ‘इस बार संविधान को अपनाने के 70 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस बार पार्लियामेंट में विशेष आयोजन होगा और फिर साल भर पूरे देश में अलग अलग कार्यक्रम होंगे।’
सूत्र बताते हैं कि संविधान दिवस के मौके पर साल भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सरकार का मुख्य जोर संविधान में नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों के प्रति आम जनता में जागरूकता पैदा करने पर होगा। इस विषय पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। केंद्र और राज्यों के सभी विभागों से किसी एक मौलिक कर्तव्य की पहचान कर उसके इर्द गिर्द कार्ययोजना तैयार करने को कहा है।
आम जनता के संदर्भ में संविधान की चर्चा अब तक मौलिक अधिकारों तक ही सीमित रही है। लेकिन संविधान में नागरिकों के कर्तव्यों की भी चर्चा है। सरकार मानती है कि इनका प्रसार भी आम जनता के बीच होना चाहिए।
देश भर में कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर केंद्र ने सभी राज्यों को इस महीने की शुरुआत में ही सूचित कर दिया था। केंद्रीय विधि व न्याय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने सभी राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर इस संबंध में सूचित किया था।
संविधान अपनाने के 70 साल पूरे होने पर साल भर चलेगा कार्यक्रम, 26 नवंबर से होगी शुरूआत

