मुंबई:शिवसेना के किशोरी पेडनेकर बृहन मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की नई मेयर चुनी गई हैं। भाजपा द्वारा अपना प्रत्याशी खड़ा नहीं करने के कारण उनका निर्विरोध चुनाव हुआ है। उनके नाम का ऐलान के दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे खुद बीएमसी ऑफिस में मौजूद रहे।
चूंकि राज्य में शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा की सरकार बनने की प्रबल संभावना है, इसलिए इन दोनों दलों ने मेयर पद के लिए अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था। वहीं, शिवसेना के ही एडवोकेट सुहाव वाडकर को बीएमसी का उप महापौर चुना गया। शुक्रवार को महापौर (पूर्व) विश्वनाथ महाडेश्वर की अध्यक्षता में बीएमसी मुख्यालय में चुनाव हुआ था। विश्वनाथ महादेश्व का कार्यकाल सितंबर 2019 में समाप्त हो रहा था। लेकिन, विधानसभा चुनाव की वजह से उनका कार्यकाल नवंबर तक बढ़ाया गया था।
वहीं, पुणे में भाजपा के मुरलीधर मोहोल मेयर चुने गए। उन्होंने राकांपा के प्रकाश कदम को हराया। कदम को जहां 56 वोट मिले वहीं मोहोल 97 वोट पाकर चुनाव जीते हैं। पुणे में महापौर का चुनाव जीतने वाले 45 साल के मोहोल तीन बार के भाजपा पार्षद हैं। उन्होंने पुणे नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्य शुरू किया।
बीएमसी में पार्टियों की स्थिति
बीएमसी के पिछले चुनाव में शिवसेना के 84 पार्षद चुनाव जीते थे, जबकि भाजपा के 82 उम्मीदवारों को जीत मिली थी। कांग्रेस के 31 पार्षद जीते थे जबकि राकांपा के 7 और समाजवादी पार्टी के 6 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। बाद में 6 निर्दलीय पार्षद शिवसेना में शामिल हो गए थे।
नियम के हिसाब से महाराष्ट्र के नगर निगमों में एक टर्म यानि पांच साल के दौरान दो मेयर चुने जाते हैं। मुंबई के अलवा महाराष्ट्र के ठाणे, पुणे और नासिक समेत 27 नगर पालिकाओं में भी मेयर का चुनाव होने वाला है। ठाणे में जहां मेयर पद पर शिवसेना, वहीं पुणे में भाजपा का कब्जा है। दोनों ही जगहों पर ये पार्टियां एक-दूसरे को समर्थन कर रहीं थीं।
महाराष्ट्र में कहां-किसका बना मेयर
| नगरपालिका | पार्टी | विजयी उम्मीदवार |
| बृहन्मुंबई महानगरपालिका(मुंबई) | शिवसेना | किशोरी पेडनेगर |
| पुणे | भाजपा | मुरलीधर मोहोल |
| नासिक | भाजपा | सतीश कुलकर्णी |
| नागपुर | भाजपा | संदीप जोशी |
| पिंपरी | भाजपा | उषा उर्फ माई ढोरे |
| चंद्रपुर | भाजपा | राखी कंचर्लावार |
| लातूर | कांग्रेस | विक्रांत गोजमगुंडे |
| अकोला | भाजपा | अर्चना मसने |
| परभणी | कांग्रेस | अनिता सोनकांबले |

