नई दिल्ली:भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार (3 नवंबर) को 3 टी-20 मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। सीरीज का पहला मैच दिल्ली के वायु प्रदूषण की वजह से चर्चा का विषय बना हुआ है। बांग्लादेश के कई खिलाड़ी मास्क पहनकर प्रैक्टिस कर रहे हैं। रोहित शर्मा को नहीं लगता कि बांग्लादेश के खिलाफ तीन नवंबर को होने वाले पहले टी20 के दौरान प्रदूषण संबंधी कोई समस्या होगी। वहीं, टीम इंडिया के गेंदबाज ने शनिवार की सुबह दिल्ली की हवा को लेकर एक ट्वीट किया है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से शनिवार को भी राहत मिलती हुई नहीं दिखाई दे रही है। दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह भी प्रदूषण का स्तर काफी खतरनाक बना हुआ है। ऐसे में रविचंद्रन ने अपने ऑफिशियल टि्वटर हैंडिल से लेकर एक ट्वीट किया है।
अश्विन ने ट्वीट करते हुए लिखा- दिल्ली की एयर क्वॉलिटी काफी डराने वाली है। जिस ऑक्सीजन से हम सांस लेते हैं, वह इस ग्रह पर मानव जाति के लिए मौलिक आवश्यकता है। यह वास्तव में आपातकाल की स्थिति है।
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाकों में शनिवार सुबह स्मॉग की मोटी परत छाई रही। रोहित शर्मा ने कहा, ”मैं अभी आया हूं और मुझे इसका (हवा की गुणवत्ता) आकलन करने का समय नहीं मिला है। जहां तक मैं जानता हूं मैच तीन नवंबर को खेला जाएगा।” उन्होंने कहा, ”हमने जब यहां श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था तो हमें कोई समस्या नहीं हुई थी। हम चर्चा के बारे में वाकिफ भी नहीं हैं और मुझे कोई समस्या नहीं हुई थी।”
दिल्ली प्रदूषण को लेकर बोले अश्विन- यह आपातकाल है

