नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरे कार्यकाल में पांचवीं बार रेडियो कार्यक्रम मन की बात को संबोधित किया। मोदी ने कहा, ‘‘आज दीपावली के पावन पर्व पर सभी को बहुत शुभकामनाएं। प्रकाश जीवन में सुख, समृद्धि लेकर आता है। इस दिवाली को याद रखने के लिए इससे बेहतर विचार और क्या हो सकता है कि पॉजिटिविटी का विकास करें। कई देशों में दिवाली मनाई जाती है। इसमें केवल भारतीय नागरिक ही नहीं बल्कि वहां की सरकारें और लोग भी शामिल होते हैं। हमारा देश कंट्री ऑफ फेस्टिवल्स है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि ओणम, पोंगल, बिहू जैसे उत्सवों में लोगों को शामिल करें। त्योहारों में विदेश में रहने वाले भारतीयों की भूमिका भी अहम है।’’
मोदी ने कहा, मेरे प्यारे देशवासियो, पिछली मन की बात में हमने तय किया था कि इस दीपावली पर कुछ अलग करेंगे। मैंने कहा था – आइए, हम सभी इस दीपावली पर भारत की नारी शक्ति और उनकी उपलब्धियों को सेलिब्रेट करें, ये भारत की लक्ष्मी का सम्मान है। भारत की लक्ष्मी की ऐसी अनेक कहानियां लोगों ने शेयर की हैं। आप जरुर पढ़िए, प्रेरणा लीजिये और खुद भी ऐसा ही कुछ अपने आस-पास से शेयर कीजिए। मेरा, भारत की इन सभी लक्ष्मियों को आदरपूर्वक नमन है।
‘गुरुनानक ने सादगी से सबका दिल जीता’
मोदी ने कहा, ‘‘12 नवंबर 2019, यह वो दिन है, जिस दिन दुनियाभर में गुरुनानक देव जी का 550वां प्रकाश उत्सव मनाया जाएगा। गुरुनानक देवजी के आदर्शों के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित हैं। उन्होंने सेवा को हमेशा सर्वोपरि रखा। गुरुनानक देव जी मानते थे कि निस्वार्थ भाव से किए गए सेवा कार्य की कोई कीमत नहीं हो सकती। वे छुआ-छूत जैसे सामाजिक बुराई के खिलाफ मजबूती से खड़े हुए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गुरुनानक देवजी ने अपना संदेश, दुनिया में, दूर-दूर तक पहुंचाया। वे अपने समय में सबसे अधिक यात्राएं करने वालों में से थे। कई स्थानों पर गए और जहां भी गए वहां अपनी सरलता, विनम्रता, सादगी से उन्होंने सबका दिल जीत लिया। गुरुनानक देव जी ने कई महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राएं की, जिन्हें ‘उदासी’ कहा जाता है। सद्भावना और समानत का संदेश लेकर वे, उत्तर हो या दक्षिण, पूर्व हो या पश्चिम- हर दिशा में गए, हर जगह लोगों से, संतों और ऋषियों से मिले।’’
‘85 देशों के राजदूतों ने सिख परंपरा और संस्कृति को जाना, यह गर्व की बात’
मोदी ने कहा, ‘‘अभी कुछ दिन पहले ही करीब 85 देशों के राजदूत दिल्ली से अमृतसर गए थे। वहां उन्होंने अमृतसर स्वर्ण मंदिर के दर्शन किए। इसका आयोजन गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के निमित्त हुआ था। वहां इन सारे राजदूतों ने गोल्डन टेम्पल के दर्शन तो किए ही, उन्हें सिख परंपरा और संस्कृति के बारे में जानने का अवसर मिला। इसके बाद कई राजदूतों ने सोशल मीडिया पर वहां की तस्वीरें साझा की। बड़े गौरवपूर्वक अच्छे अनुभवों को भी लिखा।’’
- ‘‘ट्विटर पर सक्रिय रहने वाली गीतिका स्वामी का कहना है कि उनके लिये मेजर खुशबू कंवर ‘भारत की लक्ष्मी है’ जो बस कंडक्टर की बेटी है और उन्होंने असम राइफल्स की ऑल वुमन टुकड़ी का नेतृत्व किया था। मेघा जैन जी ने लिखा है कि 92 साल की एक बुजुर्ग महिला वर्षों से ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मुफ्त में पानी पिलाती हैं। मेघा जी, इस भारत की लक्ष्मी की विनम्रता और करुणा से काफी प्रेरित हुई हैं।’’
- ‘‘31 अक्टूबर की तारीख आप सभी को अवश्य याद होगी। यह दिन भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयंती का है, जो देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले महानायक थे। सरदार पटेल में जहां लोगों को एकजुट करने की अद्भुत क्षमता थी, वहीं वे उन लोगों से भी तालमेल बिठा लेते थे, जिनके साथ वैचारिक मतभेद होते थे।’’
- ‘‘सरदार पटेल बारीक से बारीक चीजों को भी बहुत गहराई से देखते थे, परखते थे। सही मायने में वे ‘मैन ऑफ डिटेल्स’ थे। इसके साथ ही वे संगठन कौशल में भी निपुण थे। योजनाओं को तैयार करने और रणनीति बनाने में उन्हें महारत हासिल थी। सरदार साहब की कार्यशैली के विषय में जब पढ़ते हैं, सुनते हैं तो पता चलता है क उनकी प्लानिंग कितनी जबरदस्त होती थी।’’

