बगदाद: इराक में बगदाद समेत अन्य शहरों में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन रविवार को तीसरे दिन भी जारी है। मानवाधिकार के लिए स्वतंत्र उच्च आयोग के सदस्य अली अकरम अल-बयाती ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान अभी तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है और 2500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार से ही देशभर में लोग भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और खराब नागरिक सेवाओं के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
बयाती ने कहा कि रविवार को अल-नासीरिया में तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं, बगदाद में तीन घायलों ने दम तोड़ दिया। तीनों के सिर में आंसू गैस गोले के खोखे से गंभीर चोटें आई थी। संयुक्त ऑपरेशंस कमांड ने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ आतंकनिरोधक कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
‘कुछ लाेग सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं’
कमांड ने बयान जारी कर कहा, ‘‘एक तरफ देश प्रदर्शन का सामना कर रहा है, कुछ लोग इसकी आड़ में नागरिकों की हत्या कर रहे हैं और उन्हें जख्मी कर रहे हैं। ये लोग बिना कोई विचार किए निजी और सार्वजनिक संपत्तियों को लूट रहे हैं और आग लगा रहे हैं।’’ इससे पहले अक्टूबर के पहले हफ्ते में भी लोगों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था। हालांकि,उस समय किसी प्रकार की हिंसा नहीं हुई थी।
प्रधानमंत्री ने हिंसा न करने के लिए चेताया था
विरोध प्रदर्शन शुरू होने से एक दिन पूर्व गुरुवार को इराक के प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी ने एक टेलीविजन संबोधन में कहा कि जनता प्रदर्शन करने के अपने अधिकार का उपयोग करने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने चेताया था कि किसी प्रकार की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि सरकार गिरती है तो देश में उथल-पुथल मच जाएगी।

