मुंबई: महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना की हिस्सेदारी पर चर्चा के लिए उद्धव ठाकरे ने शनिवार को अपने आवास (मातोश्री) पर पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई। शिवसेना ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 50:50 फॉर्मूले को ध्यान में रखते हुए मांग की है कि ढाई साल शिवसेना और ढाई साल भाजपा का मुख्यमंत्री बने। शिवसेना के प्रताप सरनाइक ने कहा कि उद्धव जी को मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा आलाकमान से लिखित में लेना चाहिए।
मातोश्री के बाहर ‘सीएम महाराष्ट्र ऑनली आदित्य ठाकरे’ नारे लिखे पोस्टर लगाए गए। उद्धव ने खुद बैठक की अध्यक्षता की। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने 161 सीटों पर जीत हासिल की, जिसमें भाजपा की 105 और शिवसेना की 56 सीट हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दल दीपावली बाद सरकार बनाने के लिए मुलाकात करेंगे।
चुनावों से पहले तय हो गया था बंटवारा: उद्धव
गुरुवार को चुनाव नतीजे आने के बाद उद्धव ने कहा था कि लोकसभा चुनाव के दौरान ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के संबंध में सारी बातें हो गई थीं। अब समय आ गया है कि उसे अमल में लाया जाए। ठाकरे ने कहा था कि वह अपनी पार्टी के नेताओं के साथ पहले बैठक करेंगे। इसके बाद भाजपा नेताओं के साथ सरकार बनाने के संबंध में चर्चा करेंगे।
महाराष्ट्र परिणाम:
| भारतीय जनता पार्टी | 105 |
| शिवसेना | 56 |
| कांग्रेस | 44 |
| राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी | 54 |
| महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना | 01 |
| बहुजन विकास अघाड़ी | 00 |
| अन्य | 28 |

