कानपुर:घरवालों ने मेरी शादी कहीं और तय कर दी है अब उनकी मर्जी से ही कुछ होगा। बजरिया में युवक की इन बातों से गुस्साई प्रेमिका ने उसके घर में जाकर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। किसी तरह परिजनों ने आग बुझाकर उसे हैलट में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रेमिका के युवक के साथ घटना को अंजाम देने का वीडियो भी वायरल हुआ है।
बजरिया पुरानी शराब गद्दी के सुक्खू उर्फ लवकुश का सीसामऊ बड़ा चौराहा क्षेत्र में रहने वाली युवती से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस दौरान युवक के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी। इस पर सोमवार को सुक्खू ने युवती से मिलकर इसकी जानकारी दी। युवती ने दबाव डाला तो उसने परिजनों के खिलाफ जाकर शादी करने से मना कर दिया। चाचा उमाशंकर का आरोप है कि सुक्खू के घर लौटने पर देर शाम युवती घर में आ गई।
इस दौरान उसने उसके साथ मारपीट करते हुए उस पर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, किसी तरह आग बुझाने के बाद सुक्खू को हैलट भर्ती कराया गया। बजरिया इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना संदिग्ध है परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्जकर की जाएगी।
प्रेमिका ने प्रेमी पर डाला मिट्टी का तेल और लगा दी आग

