वैज्ञानिकों ने इससे पहले किए अपने अध्ययनों में भी दिन की झपकी का कार्डियोवेस्क्युलर डिजीज से संबंध स्थापित किया है, लेकिन इन रिसर्च के नतीजे अलग-अलग रहे। कुछ अध्ययनों में कहा गया कि इन दो चीजों का आपस में कोई संबंध नहीं है, वहीं कुछ में लिखा गया कि दिन में झपकी लेना सेहत के लिए अच्छा है, लेकिन सबसे अहम है कि कितनी देर की झपकी। (एक स्टडी कहती है कि दिन में एक घंटे से ज्यादा सोने से हार्ट को खतरा होता है, लेकिन इस स्टडी में उम्रदराज लोगों को शामिल किया गया था, जिनमें से कई में दिल की दूसरी बीमारियां थीं।)
ये भ्रांतियां दूर करने और सही-सही निष्कर्ष तक पहुंचने के लिए स्विट्जरलैंड में यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ऑफ लॉसेन के अनुसंधानकर्ताओं ने 2003 में नई स्टडी शुरू की। इनका एक ही उद्देश्य था- दिल की सेहत और दोपहर की झपकी के बीच संबंध स्थापित करना।
ऐसे की गई स्टडी
इस अध्ययन में 3462 लोगों को शामिल किया गया, जिनका दिल पूरी तरह सेहतमंद था यानी अब तक उनमें दिल संबंधी किसी बीमारी के लक्षण नजर नहीं आए थे। इनसे कहा गया कि ये दिन मे सोएं और इस बात के नोट बनाते रहें कि उन्हें कैसा महसूस हो रहा है। इन प्रतिभागियों के ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और दिल की बीमारी से जुड़े अन्य फैक्टर्स की जांच होती रही और डाटा जुटाया जाता रहा।
अध्ययन के दौरान एक्सपर्ट्स के एक पैनल ने पाया कि प्रतिभागियों में हार्ट से जुड़ी बीमारियों के 155 मामले सामने आए, इनमें कुछ सामान्य थे, तो कुछ खतरनाक। अध्ययन के अंत में वैज्ञानिकों ने कार्डियोवेस्क्युलर रिस्क फैक्टर्स को लेकर अपनी अपडेट रिपोर्ट तैयार की, जिसमें दिन में ज्यादा सोने और ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्नेआ या ओएसए के बारे में बताया गया।
क्या है ओएसए
ओएसए वह स्थिति है जब मरीज सोते समय ठीक से सांस नहीं ले पाते हैं और इस कारण उनकी नींद बार-बार टूटती है। दिमाग को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलने से मरीज को रात में कई बार जागना पड़ता है।
क्या रहा स्टडी का रिजल्ट
इस विस्तृत अध्ययन के बाद अनुसंधानकर्ता निष्कर्ष पर पहुंचे कि जो लोग हफ्ते में दो या तीन बार दिन में झपकी लेते हैं, उनमें सीवीडी यानी कार्डियोवेस्क्युलर संबंंधी बीमारियां कम होती हैं, बजाए कि उन लोगों के जो ऐसा नहीं करते हैं। इसका कारण यह हो सकता है कि दिन में झपकी लेने से तनाव और थकान कम होती है।
हालांकि अनुसंधानकर्ताओं ने अपनी रिपोर्ट में यह भी लिखा कि दिन की झपकी के बाद जब इन्सान उठता है तो उसका ब्ल्ड प्रेशर और हार्ट रेट बढ़ जाता है, जिससे शॉर्ट टर्म के लिए कार्डियोवेस्क्युलर डिजीज का खतरा बढ़ता है। वहीं यह भी सही है कि कभी-कभार की दोपहर की नींद से तनाव कम होता है और इसका फायदा हार्ट को मिलता है। जहां तक ब्लड प्रेशर बढ़ने का प्रश्न है, अनुसंधानकर्ता बताते हैं कि सामान्य परिस्थितियों में यह दिन में थोड़ा-बहुत घटता-बढ़ता रहता है। रात और सुबह के समय ब्लड प्रेशर कम रहता है, जबकि दोपहर में ज्यादा।
Thanks:www.myupchar.com

