दुबई:अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने सोमवार को यहां बोर्ड की बैठक के बाद जिम्बाब्वे और नेपाल को अपने सदस्य के रूप में फिर से शामिल करने का फैसला किया। जिम्बाब्वे और नेपाल को इस साल जुलाई में बोर्ड के कामकाज में सरकारी हस्तक्षेप के चलते निलंबित कर दिया गया था। आईसीसी ने अपने बयान में कहा है कि यहां आईसीसी चेयरमैन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिम्बाब्वे क्रिकेट चेयरमैन तावेंग्वा मुखुहलानी और जिम्बाब्वे की खेल मंत्री कस्ट्री कोवेंट्री और स्पोटर्स एंड रिक्रिएशन कमिशन के चेयरमैन जेराल्ड एमलोटश्वा के साथ हुई बैठक के बाद जिम्बाब्वे को वापस आईसीसी की सदस्यता प्रदान की गई है।
आईसीसी चेयरमैन शशांक मनोहर ने कहा, ”मैं जिम्बाब्वे क्रिकेट को बहाल करने की वचनबद्धता के लिए जिम्बाब्वे के खेल मंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। जिम्बाब्वे क्रिकेट के सहयोग के लिए काम करने की उनकी इच्छा स्पष्ट है और उन्होंने आईसीसी बोर्ड की शर्तों का बिना शर्त पालन किया है।”
मनोहर ने साथ ही नेपाल के बारे में कहा, “जिम्बाब्वे ने जो प्रगति की है उसे देखने के बाद नेपाल क्रिकेट संघ अब एक प्लान तैयार करेगा जो एसोशिएट मेम्बरशिप के मुताबिक होगा जिसमें नियंत्रित फंडिंग भी होगी।”
जिम्बाब्वे अब जनवरी में आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप और 2020 के आखिर में आईसीसी सुपर लीग में भाग ले पाएगा। नेपाल को भी शर्तों के आधार पर फिर से सदस्यता दी गयी है। नेपाल क्रिकेट संघ की 17 सदस्यीय केंद्रीय कार्यकारिणी के चुनाव इस महीने के शुरू में संपन्न हुए जिससे उसकी वापसी का रास्ता साफ हुआ।
आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप की ईमाम राशि बढ़ाई
आईसीसी ने इसके अलावा आईसीसी महिला प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि 26 लाख डॉलर तक बढ़ाने का फैसला भी किया। अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के विजेता को अब 10 लाख डॉलर और उप विजेता को पांच लाख डॉलर की राशि मिलेगी। यह 2018 की पुरस्कार राशि से पांच गुना अधिक है।
जिम्बाब्वे और नेपाल के लिए खुशखबरी, ICC ने फिर बनाया सदस्य

