मुंबई: महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए शिवसेना मुंबई और इसके आसपास रहने वाले करीब 40 लाख उत्तर भारतीयों को जोड़ने में जुट गई है। शिवसेना की युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे उत्तर भारतीयों के कजरी महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान लाल रंग का गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया गया। गमछे को उत्तर भारतीय समाज का प्रतीक माना जाता है। दिंडोशी में हुए कार्यक्रम का आयोजन उत्तर भारतीयों के नेता माने जाने वाले आनंद दुबे और अशोक तिवारी ने किया।
मुंबई में ‘कजरी’ और देश में ‘केसरी’ महोत्सव
कार्यक्रम के दौरान उत्तर भारतीय समाज को संबोधित करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि यहां मुंबई में कजरी महोत्सव चल रहा है और देश में केसरी महोत्सव शुरू है। इससे भगवा रंग का संदेश पूरे देश में पहुंच रहा है।
आदित्य ने यह भी कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के दौरे के दौरान बहुत सम्मान और प्रेम मिला। अयोध्या दौरे से मुझे एक ही सीख मिली कि- रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाई पर वचन न जाई। शिवसेना की भी यही रीत है कि जब तक अयोध्या में रामलला का मंदिर नहीं बनता, तब तक पार्टी शांत नहीं बैठेगी।’’
उत्तर भारतीय समाज से संवाद करेंगे आदित्य- शिवसेना नेता
आदित्य के मुताबिक, शिवसेना ने राम मंदिर से लेकर देश के किसानों तक के जितने भी कार्यों को पूरा करने का वचन दिया है। उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। आनंद दुबे ने कहा कि उत्तर भारतीय समाज बड़ी संख्या में उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे के कार्यों को देखकर शिवसेना के साथ जुड़ रहा है। जल्द ही आदित्य ठाकरे उत्तर भारतीय समाज से उनकी समस्याओं को जानने और सुलझाने के लिए संवाद भी कर सकते हैं।
कजरी महोत्सव में शामिल हुए आदित्य ठाकरे

