लखनऊ: योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मंत्रिमंडल का पहला विस्तार किया। राजभवन में 23 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इनमें 6 कैबिनेट, 6 स्वतंत्र प्रभार और 11 राज्यमंत्री शामिल हैं।
कैबिनेट का विस्तार पूर्व में मंगलवार को प्रस्तावित था, लेकिन एक दिन पहले टाल दिया गया। मंगलवार को पूरे दिन नामों को लेकर कयास चलते रहे। सूत्र कहते हैं कि, नए चेहरे तय करते समय जातीय व क्षेत्रीय संतुलन के अलावा लोकसभा चुनाव में उनके प्रदर्शन को ध्यान में रखा गया है। मंत्रिमंडल में कुछ ऐसे चेहरे शामिल होंगे, जो पहली बार विधायक बने हैं।
चार मंत्रियों से लिया गया इस्तीफा
इससे पहले मंगलवार को वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल, सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह, खनन राज्य मंत्री अर्चना पांडेय से इस्तीफा ले लिया गया। राजेश अग्रवाल पर उनकी उम्र व अनुपमा व धर्मपाल पर विभागों में अनियमितता के कारण सीएम नाराज थे। सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने भी इस्तीफा दिया था, लेकिन स्वीकार नहीं किया गया है। परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे के बाद मंत्रिमंडल की कुल संख्या 38 रह गई है। चार कैबिनेट मंत्रियों के पद लोकसभा चुनाव के बाद खाली हो गए थे।
योगी मंत्रिमंडल का विस्तार; 23 मंत्रियों ने शपथ ली, 6 कैबिनेट और 11 राज्यमंत्री

