पोर्ट ऑफ स्पेन:टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि उनके दाएं हाथ का अंगूठा फ्रेक्चर नहीं हुआ और वह 22 अगस्त से विंडीज के खिलाफ शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच तक फिट हो जाएंगे। गौरतलब है कि वेस्ट इंडीज के खिलाफ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पारी के 27वें ओवर में कीमर रोच की बाउंसर गेंद विराट कोहली के दाहिने हाथ के अंगूठे में लग गई। भारतीय कप्तान को इसके बाद दर्द से परेशान देखा गया लेकिन फिजियो के उपचार के बाद उन्होंने भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया और श्रृंखला में 2-0 से जीत दिलाई।
कीमर रोच की बाउंसर गेंद विराट के अंगूठे पर लगी थी
विराट कोहली ने बुधवार को मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कहा, ‘मुझे नहीं लगता है कि फ्रेक्चर है क्योंकि अगर ऐसा होता तो मैं बल्लेबाजी जारी नहीं रख पाता। सिर्फ नाखून टूटा है।’ प्रेस कॉन्र्फेंस के दौरान अंगूठे की चोट के बारे में पूछने पर विराट कोहली ने कहा, ‘भाग्य से फ्रेक्चर नहीं है। जब गेंद लगी तो मुझे लगा कि मौजूदा स्थिति की तुलना में स्थिति काफी बदतर होगी। लेकिन फ्रेक्चर नहीं है और मुझे पहले टेस्ट के लिए अच्छी स्थिति में होना चाहिए।’ दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट नार्थ साउंड में 22 अगस्त से खेला जाएगा। इसी टेस्ट सीरीज से भारत और विंडीज दोनों आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

