सोचो, अगर मां-बाप ना होतेः साध्वी अणिमाश्री
ठाणे। महायशस्वी आचार्य श्री महाश्रमणजी की प्रबुद्ध शिष्या साध्वी श्री अणिमाश्री जी एवं साध्वी श्री मंगलप्रज्ञाजी के पावन सान्निध्य में ठाणा तेरापंथ सभा भवन में श्रावक-श्राविकाओं की विशाल उपस्थिति में परिवार प्रशिक्षण कार्यशाला एवं सामूहिक एकासन का अनुष्ठान हुआ। जिसमें लगभग चार सौ भाई-बहनों ने सामूहिक एकासन कर आयोजकों का उत्साहवर्धन किया।
साध्वी श्री अणिमाश्री जी ने जन्मदाता माता-पिता पर भावपूर्ण उद्बोधन प्रदान करते हुए कहा – हमारे जीवन का प्रारंभ माता-पिता से ही हुआ है। उन्हीं की बदौलत आज हमारा धरती पर अस्तित्व है एवं इस सुंदर संसार को देख पा रहे हैं। पिता जीवन का संबल व शक्ति हैं। पिता का सुरक्षा-कवच बचपन को अनाथ बनाए रखने से बचाता है। कुर्बानी का जज्बा है- मां। ममता का महासागर है – मां। सहनशीलता की प्रतिमूर्ति है – मां। हिमालय की शीतलता है – मां। मां सचमुच मां है। पिता जीवन का पथ-प्रदर्शक व जीवन निर्माता है। मां-पिता के कर्ज को उतारने का फर्ज अदा कीजिए। सच मानिए दुनिया में सब ओर धोखा खा सकते हैं किन्तु तुम्हारे जन्मदाता तुम्हें धोखा दे नहीं दे सकते। मां-बाप के उपकारों के प्रति कृतज्ञ बने।
साध्वी श्री मंगलप्रज्ञाजी ने पारिवारिक समरसता की व्याख्या करते हुए कहा – पारिवारिक समरसता का पहला सूत्र है, दूसरे की कमी न देखकर अपने आपको देखना। दूसरे सूत्र – हमारा चिंतन सकारात्मक हो। अहं का विसर्जन पारिवारिक खुशहाली के लिए आवश्यक है। इसलिए हर व्यक्ति को अहं को विगलित करने की दिशा में प्रस्थान करना चाहिए। इस चिंतन के साथ कदम बढ़े, ऐसी अपेक्षा है।
साध्वी कर्णिकाश्री जी ने भक्तामर का अनुष्ठान करवाया। साध्वी समत्वयशाजी ने गीत का संगान किया। साध्वी मैत्रीप्रभाजी ने विचार रखे। सभा मंत्री श्री जितेंद्रजी बरलोटा व पूर्व अध्यक्ष जयश्री बडाला ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
तेरापंथ भवन में पहली बार एक साथ चार-सौ एकासन का भव्य नजारा देखकर श्रावक समाज हर्ष विभोर हो गया। तेरापंथी सभा, ट्रस्ट, ठाणा की समस्त तेयुप व महिला मंडल की जागरूकता एवं दायित्वशीलता से ऐसे भव्य कार्यक्रम समायोजित हो रहा है। हर पदाधिकारी, हर कार्यकर्ता एवं हर व्यक्ति का श्रम आयोजन को सफलता प्रदान कर रहा है।
ठाणे में परिवार प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

