मॉस्को: रूस की राजधानी मॉस्को में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग को लेकर शनिवार को करीब 3500 लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने जमकर लाठियां चलाईं। कई लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने बगैर इजाजत प्रदर्शन करने के आरोप में 1400 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मॉस्को में सितंबर में स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं। 45 सीटों वाले शहरी निकाय पर फिलहाल क्रेमलिन यूनाईटेड रशिया पार्टी का कब्जा है। चुनाव आयोग ने इसमें मुख्य विपक्षी दलों के हिस्सा लेने पर रोक लगाई है।
यूरोपियन यूनियन और एमनेस्टी इंटरनेशनल ने मॉस्को में सिटी हॉल के बाहर प्रदर्शनकारियों पर हुए बल प्रयोग की निंदा की है। ईयू ने कहा कि संगठन बनाने और एकजुट होना मूलभूत स्वतंत्रता है। पिछले हफ्ते जांचकर्ताओं ने अयोग्य घोषित किए गए कई उम्मीदवारों के ठिकानों पर छापा मारा था। मुख्य आलोचक एलेक्सी नवालनी को प्रदर्शन का आह्वान करने पर 30 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया।
चार साल में दूसरी बार इतना बड़ा प्रदर्शन
प्रदर्शन पर नजर रख रहे संगठन ओवीडी ने रविवार को बताया कि प्रदर्शन के दौरान 1,373 लोगों को हिरासत में लिया गया है। चार साल में यह दूसरा मौका है जब सरकार विरोधी प्रदर्शन में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस ने लोगों पर कार्रवाई की है। 2012 में ब्लादिमीर पुतिन प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 2015 में उनका जमकर विरोध हुआ था।

