जमशेदपुर:ओलंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी ने टाटा स्टील को गुडबाय कर दिया है। इस बात की घोषणा स्वयं दीपिका ने गुरुवार की शाम जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में की।
मौके पर टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष चाणक्य चौधरी, खेल विभाग एवं एवियेशन चीफ रवि राधाकृष्णन, जेएफसी के सीईओ सह एक्सीलेंस चीफ मुकुल विनायक चौधरी, खेल विभाग के हेड आशीष कुमार एवं ओलंपियन तीरंदाज जयंत तालुकदार समेत एकेडमी के लगभग सभी कैडेट मौजूद थे। दीपिका ने कहा कि चूकि वह इसी वर्ष पेट्रोलियम के तीरंदाज अतानु दास से विवाह करने जा रही है, इसलिए भविष्य की योजना को ध्यान में रखते हुए उसने टाटा स्टील को छोड़ने का फैसला किया है। वह अगस्त में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) कोलकाता से जुड़ जाएंगी।
2012 में टाटा स्टील खेल विभाग में मैनेजर के रूप में योगदान देनेवाली दीपिका ने अपने कोच धर्मेंद्र तिवारी, द्रोणाचार्य पूर्णिमा महतो एवं वार्डन कुंतला पाल समेत समूचे टाटा स्टील परिवार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि टाटा स्टील में रहकर उसने न केवल तीरंदाजी के गुर सीखे, बल्कि जीवन पथ पर चलना और आगे बढ़ना भी सीखा।
मालूम हो कि वर्ष 2008 में दीपिका का चयन टाटा आर्चरी एकेडमी में हुआ था। पिछले 11 वर्षों में कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स एवं विश्व चैंपियनशिप से लेकर वर्ल्डकप जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी धाक जमा चुकी दीपिका के पास यदि किसी चीज की कमी है, तो वह है ओलंपिक पदक, जिसकी तलाश में वह आज भी जुटी हुई है। भारत की इस नंबर एक महिला तीरंदाज को टाटा स्टील परिवार ने भावभीनी विदाई दी।
ओलंपियन तीरंदाज दीपिका कुमारी ने टाटा स्टील को किया गुडबाय

