मुंबई:मुंबई में एक बार फिर भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार रात तेज बारिश के बाद हिंदमाता इलाके में जलभराव हो गया। लोगों को घुटनों तक पानी से गुजरकर जाना पड़ रहा है। शहर के कई अन्य इलाकों में भी भारी बारिश से मुसीबत बढ़ गई है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए मंगलवार को कहा कि चक्रवात की स्थिति के कारण शहर में अगले दो दिन भारी बारिश होगी।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई की तुलना में महाराष्ट्र के रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में छिटपुट जगहों पर बुधवार और बृहस्पतिवार को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग का कहना है, ‘मुंबई के पास चक्रवात की स्थिति बन रही है, जिससे शहर में भारी बारिश होगी। शहर में बीते दो-तीन दिनों में कहीं बारिश नहीं हुई लेकिन हालात बदल रहे हैं। आने वाले दिनों में और अधिक बारिश होगी।’
मुंबई में 8 जुलाई की रात तक जुलाई की औसत बारिश का 84% हिस्सा बरस चुका था। जुलाई में औसतन 840 मिमी बारिश होती है जबकि 8 जुलाई तक 70.87 मिमी बारिश हो चुकी थी। जून से अब तक की बात की जाए तो 2,272 मिमी के औसत के मुकाबले 1,315.7 मिमी यानी 57% बारिश हुई।
शहर में सालाना औसतन 2,515 मिमी बारिश का 52% हिस्सा बरस चुका है। इस साल ठाणे में जुलाई के पहले हफ्ते के बाद कुल 1,340 मिलीमीटर बारिश हुई थी। पिछले साल इस अवधि में कुल 1,814 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी।
मुंबई में भारी बारिश, कई इलाकों में पानी भरा

