श्रीहरिकोटा:चंद्रयान-2 भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग के साथ ही अंतरिक्ष में एक और इतिहास रच दिया। चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग के मौके पर इसरो प्रमुख ने अपनी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मैं यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी महसूस कर रहा हूं कि जीएसएलवी एमके-3 एम-1 (GSLVMkIII-M1) ने चंद्रयान-2 को धरती की कक्षा में स्थापित कर दिया है। यह लॉन्चिंग चंद्रमा की ओर भारत की एतिहासिक यात्रा की शुरुआत है।
इसरो प्रमुख ने कहा कि इसरो की टीम के वैज्ञानिकों ने अपना घर-परिवार छोड़कर पिछले सात दिनों में चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग के लिए दिन-रात एक कर दिया था। टीम इसरो के इंजिनियरों और तकनीकी स्टाफ की कठोर मेहनत की बदौलत ही हम यहां तक पहुंचे हैं। पिछली बार हमने समय रहते ही तकनीकी खामी का पता करके इसे तुरंत दुरुस्त कर दिया था।
शिवन ने कहा कि चंद्रयान-2 की सफल लॉन्चिंग करके हमने तिरंगे को सम्मान दिया है। यह लॉन्चिंग हमारी सोच से भी बेहतर हुई है। लेकिन, चुनौती अभी खत्म नहीं हुई है। हमें अपने अगले मिशन पर लगना है। हम हर बार की तरह अपने प्रबंधन की ओर से दिए गए कार्यों को सफलता पूर्वक पूरा करेंगे। चंद्रयान-2 चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा। यह तीन सैटलाइट मिशन है। चंद्रयान-2 का लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान चांद की सतह पर उतरेंगे।

